उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित राज्य के अन्य हिस्सों में कोहरे और ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून एवं पछुआ हवाओं की वजह से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, अधिक नमी और पछुआ हवाओं के चलते पूरे सीजन तापमान कम ही रहेगा। बीच में बारिश होने की भी संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी।गुप्ता के अनुसार, दिसंबर के अंतिम सप्ताह से कोहरे में और इजाफा होने की संभावना है लेकिन इस बार हालात अलग हैं। उत्तर भारत में ठंड का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है और अपेक्षाकृत कोहरे का असर भी अधिक रहेगा।
गुप्ता ने बताया कि मानसून में ज्यादा बारिश होने की वजह से वायुमंडल और धरती में नमी की मात्रा ज्यादा है। इसीलिए पिछले वर्ष के मुकाबले इस साल दिसम्बर में ही पारा ज्यादा तेजी से नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 11.2 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 10.3 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 11 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal