दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी(आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार सुबह सात बजे भोपाल पहुंचे। वे यहां ‘आप’ द्वारा आयोजित ‘परिवर्तन रैली’ को संबोधित करेंगे। मध्यप्रदेश में पार्टी के संयोजक आलोक अग्रवाल और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर सीएम केजरीवाल का स्वागत किया। छोला दशहरा मैदान में सुबह से ही ‘परिवर्तन रैली’ के लिए बड़ी संख्या में लोट जुट गए हैं।
पार्टी के संयोजक आलोक अग्रवाल ने सोमवार को कहा था कि परिवर्तन रैली से प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन होगा। रैली में शिवराज की भ्रष्ट सरकार के खिलाफ शंखनाद होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवराज सरकार के 11 साल में कुशासन व भ्रष्टाचार से आम आदमी परेशान है। महिलाओं पर अत्याचार, दुष्कृत्य, भ्रूण हत्या के मामले में देश में मप्र अव्वल स्थान पर है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं, स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं तो कुपोषण से बच्चों की मौतें हो रही हैं।
2018 के लिए तैयार
आप संयोजक ने कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव 2018 के पहले मप्र में कोई भी चुनाव नहीं लड़ेगी। 2018 के लिए पार्टी की तेजी से तैयारियां चल रही हैं। करीब 30 हजार मतदान केंद्रों पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की जा चुकी है और 700 सेक्टर बनाकर कार्यकर्ताओं को उनकी जवाबदारी सौंप दी गई है। प्रदेश में कांग्रेस की हालत खराब है और भाजपा से आम आदमी परेशान है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal