जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका में आतंकी संगठन आइएस से कथित तौर पर जुड़े भारतीय मूल की महिला और उसके साझेदार को गिरफ्तार किया गया है। उन दोनों पर ब्रिटिश दंपती के अपहरण का आरोप है। दक्षिण अफ्रीकी विशेष पुलिस हॉक्स के मुताबिक, 12 फरवरी को क्वाजुलु-नेटाल के व्रिहीड में बिवेन डैम के नजदीक छुट्टी मना रहे दंपती का अपहरण किया गया। इस मामले में गिरफ्तार फातिमा पटेल (27) और सैफीदीन असलम डेल वेक्शियो (38) पर लूटपाट और चोरी के आरोप भी लगाए गए हैं। अपहृत दंपती के क्रेडिट कार्ड से उन्होंने ज्वैलरी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान खरीदे।
ये सामान सुदूर इलाके से बरामद किए गए जहां आइएस का झंडा लगा था। उन पर आइएस का झंडा लगाने का आरोप भी दर्ज किया गया है। हॉक्स के प्रवक्ता ने बताया कि फातिमा और उसके साझेदार की सर्विलांस के दौरान उनके ब्रिटिश दंपती से जुड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस ने मामला संवेदनशील होने के चलते ज्यादा जानकारी नहीं दी। अपहृत दंपती की तलाश का काम जारी है। इस घटना के बाद ब्रिटेन सरकार ने विदेशी नागरिकों पर आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए अपने नागरिकों को दक्षिण अफ्रीका यात्रा को लेकर परामर्श जारी किया है।
ऐसे जुड़े हैं आइएस से तार
डेल वेक्शियो पर आतंकवाद से जुड़ा मामला भी चल रहा है। उस पर आइएस की मदद वाले आतंकी वेबसाइट से जुड़े होने और आतंकियों को सिम कार्ड आपूर्ति करने के आरोप हैं। फातिमा और उसके भाई इब्राहिम पटेल को 2016 में आजादविले स्थित उनके घर पर छापे के बाद गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान पुलिस ने ब्रैंडन-ली और टोनी-ली जुड़वां भाइयों को भी गिफ्तार किया था। ली भाइयों पर आइएस के इशारे पर आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप है। इसके अलावा पटेल भाई-बहनों पर बिना लाइसेंस हथियार और विस्फोटक रखने का आरोप है। इस मामले में दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal