Annu Tandon: समाजवादी पार्टी में शामिल पूर्व सांसद अन्नू टंडन को अखिलेश यादव ने बताया जमीनी नेता

लखनऊ। उन्नाव से कांग्रेस की सांसद रहीं अन्नू टंडन ने सोमवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस दौरान कांग्रेस में कारपोरेट कल्चर को लाने वाली अन्नू टंडन को जमीनी नेता बताया। अन्नू टंडन के साथ उन्नाव के उनके समर्थन भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस दौरान अन्नू टण्डन का पार्टी में स्वागत किया। लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में उन्नाव से कांग्रेस की पूर्व सांसद अन्नू टंडन समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं। अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पूर्व सांसद अनु टंडन के सपा में शामिल होने पर मैं उन्हेंं बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं और अभिनंदन करता हूं। इनके साथ बड़ी संख्या में आए साथी सहयोगियों का भी मैं स्वागत करता हूं। समाजवादी पार्टी का प्रदेश में कोई विकल्प नही है।

अन्नू टंडन ने कहा कि मेरे समाजवादी पार्टी में शामिल होने का कारण अखिलेश यादव खुद हैं। उन्होंने अपनी सरकार में जितना काम किया उससे ज्यादा करना संभव नहीं था। अखिलेश फिर से मुख्यमंत्री बनें यही मेरा मकसद है। कांग्रेस छोड़ने के बारे में उन्होंने कहा कि मैंने करीब 15 वर्ष कांग्रेस में गुजारे हैं और मुझे राहुल गांधी व सोनिया गांधी से भरपूर स्नेह मिला है। मैं 2019 के बाद से निराश थी जिसके बाद मैंने तय किया कि अब जनता के लिए काम करना है तो कांग्रेस छोड़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस का संगठन अभी इतना मजबूत नहीं है कि भाजपा का सामना कर सके। इस अवसर पर जब अन्नू टंडन से कांग्रेस के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अब वह समाजवादी पार्टी में हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के बारे में उन्होंने कहा कि उनके साथ काम करने का अधिक मौका नहीं मिला। वह तो पार्टी में दो वर्ष पहले ही आई हैं, इसलिए उनके बारे में अधिक नहीं बता सकती हूं। समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव के साथ बड़ी संख्या में अन्नू टंडन के पोस्टर लगे थे।

सरकार के साथ 2022 में खत्म हो जाएगी कोरोना सहित सारी बीमारियां

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के साथ ही कोरोनावायरस सहित सारी बीमारियां खत्म हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि यहां पर वायरस से लड़ने की कोई तैयारी नहीं है। दुनिया के उन देशों में जहां से यह बीमारी चली वहां दोबारा से लॉकडाउन किया जा रहा है। इस सरकार में दलितों, पिछड़ों और सवर्णों सभी को अपमानित किया जा रहा है। भाजपा सरकार में संविधान खतरे में है। इस सरकार को हटाना जरूरी है। हम समाजवादी पार्टी में अच्छे लोगों को जोड़ रहे हैं। जिससे भाजपा सरकार को हटाकर एक अच्छी सरकार बनाई जाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा भी सपा को हराना चाहती हैं और बसपा भी सपा को ही हराना चाहती है। कोई तो बात है जिसकी वजह से दोनों समाजवादी पार्टी से ही लड़ना चाहती हैं। हमारा किसी से विरोध नहीं है। हम प्रदेश में सभी जाति धर्म और वर्गों को साथ लेकर एक अच्छी सरकार बनाना चाहते हैं। जिसे प्रदेश की जनता को अच्छी सड़कें, अच्छी मेडिकल सुविधाएं और किसानों को लाभ मिले।

सपा-बसपा गठबंधन तत्कालिक राजनीतिक परिस्थितियों की जरूरत

सपा-बसपा गठबंधन को तत्कालिक राजनीतिक परिस्थितियों की जरूरत बताते हुए यादव ने कहा कि हम भाजपा को हराना चाहते थे और उत्तर प्रदेश में हमने उस गठबंधन के जरिए भाजपा की सीटें कम की। समाजवादियों ने हमेशा यही सोचा है की साइकिल के दो पहियों मे एक डॉक्टर लोहिया की विचारधारा है, तो दूसरी डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की विचारधारा है। समाजवादी पार्टी सभी को साथ लेकर चलेगी।

उत्तर प्रदेश में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं है सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। देश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री जहां जाते हैं वही हत्या हो जाती हैं। मुख्यमंत्री की भाषा और उनके शब्दों का चयन देखिए। कहने को तो उनके पास दिव्य शक्ति है। लेकिन यह दिव्य शक्ति शब्दों के चयन में पता नहीं कहां खो जाती है। यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास ठप हो गया है कोई भी अच्छी कंपनी यहां काम नहीं करना चाहती है। ग्रीन सोलर एनर्जी समेत बिजली की एक यूनिट सरकार ने नहीं बनाई है। यादव ने कहा जनता भाजपा से बहुत नाराज है और बीजेपी उपचुनाव हारने जा रही है। तमाम तरह के हथकंडे अपना रही है कोटेदारों और प्रधानों से वोट डलवाने की कोशिश कर रही है लेकिन इस बार जनता की नाराजगी उस पर भारी पड़ेगी।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस समय अकेले ही भाजपा के साथ बसपा का मुकाबला कर रही है। यह दोनों आपस में मिले हैं। उन्होंने कहा कि आज ही बसपा की मुखिया ने सफाई दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि बसपा का मुकाबला समाजवादी पार्टी से है और भाजपा का मुकाबला भी समाजवादी पार्टी से ही है। इससे तो साफ ही पता चल जाता है कि कौन-कौन आपस में मिले हैं और कौन सत्ताधारी दल के साथ मुकाबला कर रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com