बरेली-पीलीभीत में कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा शुरू, अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाए गए

यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा बरेली और पीलीभीत में कड़ी निगरानी की बीच कराई जा रही है। बरेली में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि पीलीभीत में छह केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है।

उत्तर प्रदेश भर्ती प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा (दरोगा भर्ती परीक्षा) बरेली के 19 केंद्रों पर शनिवार सुबह कड़ी निगरानी के बीच शुरू हुई। दो दिन होने वाली परीक्षा के लिए 32,640 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहले दिन सघन तलाशी और बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों के जूते-मोजे भी उतरवा दिए गए। पहली पाली की परीक्षा सुबह दस से दोपहर 12 बजे तक तो दूसरी पाली अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक होगी।

दरोगा भर्ती परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कराई जा रही है। सभी केंद्रों पर 950 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। 836 शिक्षकों व 450 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। शुक्रवार से ही परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। परीक्षा में सेंधमारी की कोशिश करने वालों पर सुरक्षा एजेंसियां नजर बनाए हुए हैं। अफसर भी भ्रमणशील है।

पीलीभीत के छह केंद्रों पर परीक्षा
पीलीभीत शहर के छह परीक्षा केंद्रों पर आयोजित दरोगा भर्ती परीक्षा की पहली पाली में प्रतिभाग करने वाले परीक्षार्थियों को सघन जांच के बाद केंद्र में प्रवेश दिया गया। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा की प्रत्येक पाली में 1440 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। शनिवार को सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थियों को भीड़ परीक्षा केंद्रों पर जुटने लगी थी।

शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, उपाधि महाविद्यालय के परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षार्थियों की जांच, इलेक्ट्रानिक गैजेट आदि उपकरण तो नहीं है इसकी पड़ताल की गई। जूते पहनकर आए अभ्यर्थियों की जूते-मोजे उतरवा कर तलाशी ली गई। इसके बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा को लेकर शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

दो दिन, चार पालियों में होगी परीक्षा
पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शनिवार और रविवार को चार पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 3 से शाम पांच बजे तक परीक्षा कराई जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com