उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए 7 IAS और 4 PCS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में सबसे चर्चित नाम नोएडा अथॉरिटी के पूर्व सीईओ डॉ. लोकेश एम का है, जिन्हें लंबे इंतजार के बाद अब नई जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
डॉ. लोकेश एम को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नोएडा अथॉरिटी के CEO पद से हटने के बाद डॉ. लोकेश एम पिछले करीब दो महीने से ‘वेटिंग’ (प्रतीक्षारत) चल रहे थे। अब सरकार ने उन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) का नया सचिव नियुक्त किया है। उनके साथ ही प्रतीक्षारत चल रहे महेंद्र प्रसाद को पुनर्गठन समन्वय विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।

IAS अधिकारियों की नई लिस्ट:
तबादलों की इस सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं:-
– प्रकाश बिंदु: सचिव (PWD) से अब सचिव, गृह विभाग बनाए गए हैं।
– नीना शर्मा: महानिदेशक (सार्वजनिक उद्यम) और प्रमुख सचिव का प्रभार दिया गया है।
– संजय कुमार: अब निदेशक, यूपी प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी की कमान संभालेंगे।
– रघुबीर: विशेष सचिव (धर्मार्थ कार्य) से बदलकर अब दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग भेजे गए हैं।
– आशिष कुमार: पर्यटन विकास निगम के MD के साथ-साथ अब धर्मार्थ कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे।
4 PCS अफसरों के भी बदले ठिकाने
IAS के साथ-साथ चार PCS अधिकारियों को भी नई तैनाती मिली है। झांसी के SDM प्रदीप कुमार को गोंडा भेजा गया है, जबकि मथुरा के ADM न्यायिक सुरेंद्र कुमार अब कानपुर मंडल के अपर आयुक्त होंगे। वहीं, वेद प्रिय आर्य को जालौन से मथुरा भेजा गया है। इस अचानक हुए फेरबदल से प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि विभागों के कामकाज में तेजी लाने के उद्देश्य से ये बदलाव किए गए हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal