आगरा में गैस बुकिंग और सर्वर की तकनीकी समस्याओं के कारण एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। डीएसी नंबर न मिलने, हेल्पलाइन काम न करने और केवाईसी अपडेट की परेशानी से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सरकार के दावों और जिला प्रशासन की अपील के बाद भी गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। गैस सिलिंडर के लिए लोग कई घंटों तक एजेंसी पर इंतजार कर रहे हैं। सर्वर काम न करने से भी समस्या आ रही है। गैस बुकिंग होने के बाद डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) नंबर न मिलने से सिलिंडर लेने में दिक्कत आ रही है। ऐसे में लोगों को राहत देने के लिए एजेंसी संचालक मैनुअल बुकिंग कर रहे हैं।
ग्राहकों को मोबाइल नंबर अपडेट कराने और केवाईसी के लिए भी घंटों परेशान होना पड़ रहा है। इस दौरान कई ग्राहक बिना केवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट के वापस लौट गए। एजेंसी संचालक मैनुअल बुकिंग से काम चला रहे हैं। शुक्रवार को गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ जमा रही। डीएसी नंबर न मिलने पर कुछ लोग बिना सिलिंडर के लौट गए। पीएनजी उपभोक्ता भी एलपीजी सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे।
उपभोक्ताओं ने बताई समस्या
दयालबाग से आए राजप्रकाश ने बताया कि केवाईसी कराने आया था लेकिन एजेंसी पर भीड़ की वजह से काम नहीं हो पाया। नाई की मंडी से आए राजकुमार ने बताया कि तीन दिन से घर पर गैस खत्म है। गैस की बुकिंग हो गई है। लेकिन डीएसी नंबर नहीं मिल रहा है। मैं एजेंसी पर आया तो पता चला कि सर्वर काम नहीं कर रहा है। आवास विकास निवासी बैजू कुमार ने बताया कि दो दिन से गैस बुकिंग का प्रयास कर रहे थे, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पाई।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को एजेंसी पहुंचकर बुकिंग कराई है। दो-तीन दिन में सिलिंडर घर पहुंचने बात कह रहे हैं। सेक्टर-7 निवासी पूनम ने बताया कि उनके घर पीएनजी गैस की सप्लाई है। सप्लाई बाधित होने पर एलपीजी सिलिंडर की जरूरत पड़ती है। दो दिन से बुकिंग नहीं हो पा रही थी, एजेंसी पर आकर बुकिंग हुई है। सेक्टर-4 स्थित एजेंसी संचालक कमल ने बताया कि कॉल अधिक होने के कारण फोन लगातार व्यस्त हो रहे हैं। उपभोक्ताओं को बुकिंग करके दी जा रही है और हॉकर के माध्यम से सिलिंडर घर तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली गेट स्थित एजेंसी संचालक सनी भाटिया ने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है, लोग समय से पहले बुक कर रहे हैं जिससे सर्वर पर अधिक भार पड़ रहा है।
हेल्पलाइन ही हुई मौन: उपभोक्ता परेशान
एलपीजी सिलिंडर बुकिंग से जुड़ी हेल्पलाइन नंबर उपभोक्ताओं के काम नहीं आ पा रही है। कई बार हेल्पलाइन नंबर मिलाने पर फोन मौन हो जाता है तो कई बार घंटों व्यस्त के टोन आते रहते हैं। यह तकनीकी समस्याएं शुक्रवार को भी दिखीं। शास्त्रीपुरम निवासी स्वाती शर्मा ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने पर या तो सर्वर व्यस्त मिलता है या फिर कुछ मिनट बाद कॉल अपने आप ही कट जाती है। कमला नगर की द्राक्षा ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर मिलाने पर काफी देर तक कॉल कनेक्ट ही नहीं हो पाती। कई बार कॉल लग भी जाए तो ऑटोमेटेड सिस्टम 2 से 3 मिनट तक प्रक्रिया चलने के बाद कॉल अपने आप ही कट जाती है। इससे गैस बुकिंग या शिकायत दर्ज कराना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में लोगों को मजबूरन गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि हेल्पलाइन और ऑनलाइन सिस्टम सही ढंग से काम करें तो उन्हें इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
ऑयल कंपनियों के हेल्पलाइन नंबर
18002333555
इंडियन ऑयल कार्पोरेशन (आईओसी)
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन (एचपीसी)
-1800224344
भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन (बीपीसी)
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal