कई बार किसी किरदार को निभाने से पहले एक्टर्स के मन में काफी हलचल मची होती है। वे इस कश्मकश में होते हैं कि उनका निर्णय सही है या नहीं। सुपरहिट फिल्म ‘एनिमल’ में खूंखार विलेन ‘अबरार’ की शानदार भूमिका निभा चुके एक्टर बॉबी देओल ने हाल ही में बताया कि वह अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बंदर’ (Bandar) करने को लेकर शुरुआत में काफी हिचकिचा रहे थे।
आखिर ‘बंदर’ को लेकर बॉबी देओल को हिचकिचाहट क्यों हो रही थी और कैसे पिता धर्मेंद्र ने बेटे का यह संदेह दूर किया? नीचे पढ़ें पूरी डिटेल्स:
‘बंदर’ को लेकर क्यों कॉन्फिडेंट नहीं थे बॉबी देओल?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब अनुराग कश्यप ने बॉबी देओल को क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘बंदर’ ऑफर की थी, तो एक्टर को लगा कि एक्सपेरिमेंट के चक्कर में यह एक बेहद जोखिम भरी फिल्म हो सकती है। शुरुआत में वह एक ऐसे टीवी एक्टर का किरदार पर्दे पर निभाने से कतरा रहे थे, जिस पर अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा हो।
फिल्म से जुड़े सूत्रों की मानें तो, बॉबी की हिचकिचाहट को देखते हुए उनके पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने उन्हें समझाया कि एक एक्टर को कभी झिझकना नहीं चाहिए। जब बॉबी ने इस फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ी, तो किरदार की गहराई को देखते हुए उन्होंने अपने परिवार के साथ इस पर चर्चा करने का फैसला किया। जब परिवार वालों ने कहानी सुनी, तो वे भी बॉबी के इस चुनाव से थोड़े हैरान थे, क्योंकि उन्हें हमेशा एक ‘सुपरस्टार’ इमेज में ही देखा गया है।
कैसे धर्मेंद्र ने मिटाई बॉबी देओल की उलझन?
पिता धर्मेंद्र ने ही बॉबी को यह चुनौतीपूर्ण भूमिका स्वीकार करने के लिए प्रोत्साहित किया। जब बॉबी देओल इस फिल्म को रिजेक्ट करने के बारे में सोच रहे थे, तो धर्मेंद्र ने उन्हें समझाते हुए कहा,
“एक्टर शर्मीले नहीं होते हैं। मैंने भी ‘सत्यकाम’, ‘अनुपमा’ और ‘दिल्लगी’ जैसी फिल्मों में ऐसे रोल्स निभाए हैं जो मेनस्ट्रीम नहीं थे। जाओ और यह रिस्क लो।”
धर्मेंद्र ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बेटे को यह भी समझाया कि जब वह फिल्म ‘अनुपमा’ कर रहे थे, तब भी कई लोगों ने उन्हें ऐसा न करने की सलाह दी थी। लेकिन, उन्होंने जोखिम उठाया और उनका वह फैसला सही साबित हुआ। आपको बता दें कि अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बंदर’ 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा और सबा आजाद भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal