भारत में बदल रहा मौसम का पैटर्न, पश्चिम के सूखे इलाकों में बढ़ी बारिश

भारत में मौसम में बदलाव के साथ ही बारिश के पैटर्न में भी बदलाव देखा जा रहा है। बारिश के पैटर्न में बदलाव को अगर मैप (मानचित्र) में देखें तो पाएंगे पहले जहां बारिश ज्यादा होती थी अब वहां पर कम हो गई। वहीं जहां बारिश नाममात्र की होती थी वहां अब ज्यादा बारिश हो रही है। ये आकलन हाल के एक दो सालों का नहीं है बल्कि पिछले 124 सालों के डेटा के विश्लेषण से पता चला है। 1901 से 2024 तक के डेटा का जब विश्लेषण किया गया तब पता चला कि भारत का वर्षा मानचित्र बदल रहा है। पश्चिमी भारत के आमतौर पर सूखे रहने वाले इलाकों में अब अधिक बारिश हो रही है, जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के उन क्षेत्रों में बारिश कम हो गई है, जहां पहले अच्छी बारिश होती थी। हाल के 31 सालों में साफ दिखा अंतर ‘थियोरेटिकल एंड एप्लाइड क्लाइमेटोलॉजी’ में 26 नवंबर को प्रकाशित अध्ययन से इस बदलाव का पता चला है। इसमें यह बदलाव खास तौर पर पिछले 31 वर्षों (1994 से 2024 के बीच) में ज्यादा स्पष्ट रूप से देखा गया है। गुजरात और राजस्थान के कुछ हिस्सों में, जो भारत के सूखे क्षेत्रों में गिने जाते हैं, सालाना बारिश में प्रति वर्ष लगभग 7.5 से 10 मिमी की वृद्धि हुई है। कर्नाटक और केरल में भी बारिश बढ़ने का रुझान दिखा है। इसके उलट उत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों तथा पूर्वोत्तर के बड़े इलाकों में प्रति वर्ष 8 मिमी या उससे अधिक की भारी कमी दर्ज की गई है। यह बदलाव मानसून के दौरान भी साफ तौर पर देखा गया। कुछ जगह कमी तो कुछ जगह बढ़ी बारिश 1994-2024 के बीच, पश्चिमी भारत के कुछ जगहों पर हर साल 7.5 मिमी से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज हुई, जबकि मध्य भारत, दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत और उत्तर-पश्चिमी भारत के पश्चिमी हिस्सों में प्रति वर्ष लगभग 5 से 10 मिमी की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में मानसून की बारिश में कमी देखी गई। कुल मिलाकर, 1994-2024 के दौरान भारत के 61.2% हिस्से में मानसून की बारिश बढ़ने का रुझान दिखा है। ऐसे हुआ 124 सालों के डेटा का अध्ययन IIT-भुवनेश्वर के ‘स्कूल ऑफ अर्थ, ओशन एंड क्लाइमेट साइंसेज’ के शोधकर्ताओं, सुधाकर सारंगी और संदीप पटनायक ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के दैनिक ग्रिड-आधारित वर्षा डेटा का विश्लेषण किया। उन्होंने 124 साल की इस अवधि को चार बराबर हिस्सों में बांटा: 1901-1931, 1932-1962, 1963-1993 और 1994-2024। चार हिस्सों में बांट कर किया विश्लेषण उन्होंने वार्षिक बारिश के साथ-साथ मानसून-पूर्व, मानसून, मानसून-पश्चात और सर्दियों की बारिश का अध्ययन किया; इसके अलावा उन्होंने भारी, बहुत भारी और अत्यधिक भारी बारिश की घटनाओं का भी विश्लेषण किया। पटनायक ने बताया कि इस विश्लेषण से एक मुख्य बात यह सामने आई है कि बारिश के रुझान में पूर्व-पश्चिम का उलटफेर (reversal) हुआ है। हाल के दशकों में, भारत के पश्चिमी शुष्क और अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में वार्षिक और मानसून की बारिश में वृद्धि देखी गई है, जबकि इसके विपरीत, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश में कमी आई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com