राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में पहली बार दो महिला कैडेटों ने अपने-अपने विषय में शीर्ष स्थान हासिल किया है। कैडेट गार्गी पालीवाल ने कंप्यूटर साइंस और दिव्या गोदारा ने आर्ट्स स्ट्रीम में टॉप कर इतिहास रच दिया।
वर्ष 2022 में एनडीए में महिलाओं को प्रवेश मिलने के बाद यह पहली बार है, जब दो महिला कैडेटों ने एक साथ अपने-अपने विषय में शीर्ष स्थान हासिल किया है। एनडीए की ओर से जारी बयान के अनुसार गार्गी को चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ ट्राफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल दिया जाएगा।
वहीं, दिव्या को चीफ आफ द एयर स्टाफ ट्राफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल से सम्मानित किया जाएगा। आयुष कुमार ने विज्ञान विषय में पहला स्थान हासिल किया। उन्हें चीफ आफ द आर्मी स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल मिलेगा।
एनडीए के 151वें कोर्स के दीक्षा समारोह में कुल 365 कैडेट स्नातक हुए। इनमें मित्र देशों के 12 कैडेट भी शामिल हैं। डिफेंस इंस्टीट्यूट आफ एडवांस्ड टेक्नोलाजी (डीआइएटी) के कुलपति डॉ. बीएचवीएस नारायण मूर्ति समारोह के मुख्य अतिथि थे।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की रहने वाली गार्गी पालीवाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, वरिष्ठ कैडेटों और प्रशिक्षकों को देते हुए ट्राफी उन्हें समर्पित की।
गार्गी ने कहा कि शुरुआत में पढ़ाई और शारीरिक प्रशिक्षण के बीच तालमेल बैठाना थोड़ा मुश्किल था, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को ढाल लिया। उनके बड़े भाई सेना में अधिकारी हैं, जबकि बहन आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कालेज (एएफएमसी) से एमबीबीएस कर रही हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal