प्रधानमंत्री ने अपने दो- तीन मित्रों को पूरा देश बेच दिया है : प्रियंका गांधी

मुजफ्फरनगर किसान महासभा में पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा किसान तड़प रहा है, लेकिन सरकार उनके गन्ना के भुगतान नहीं कर रही है। उन्होंने कहा आज देश में किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रियंका ने कहा जिस तरह से इन्होंने अपने दो- तीन मित्रों को पूरा देश बेच दिया है। उसी तरह ये आपके खेतों को भी बेचना चाहते हैं।

उन्होंने कहा जैसे पुरानी कहानियों में राजा-महाराजा होते थे, ऐसे ही हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हो गए हैं। दो बार प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें अहंकार हो गया है। प्रियंका ने कहा सरकार को किसानों का सम्मान करना चाहिए। जिन किसानों ने मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया है, वे उनसे बात क्यों नहीं कर रहे हैं। किसानों से बात करनी चाहिए और उनकी समस्या का समाधान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इन कृषि कानूनों से सरकारी मंडिया बंद हो जाएंगी और बड़े उद्योगपतियों को इसका फायदा होगा। इन नए कानूनों से एमएसपी खत्म होगी। प्रियंका गांधी ने कहा देश में गैस, बिजली और पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। वहीं दिल्ली में महीनों से किसानों का आंदोलन चल रहा है लेकिन, सरकार ने उनसे बात करना तो दूर बल्कि उनका अपमानित किया गया। किसानों को आंदोलनजीवी तक कहा गया है। उन्होंने कहा कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है।

प्रियंका गांधी की रैली को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं इससे पहले मेरठ में उनका जोरदार स्वागत किया गया। मेरठ से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर महासभा में पहुंच रहे हैं। उधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी शुक्रवार से ही रैली स्थल पर डेरा जमा रखा है।

बघरा के कल्याणकारी इंटर कॉलेज के मैदान में हो रही किसान महापंचायत में वक्ताओं ने तीन कृषि कानूनों और बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा की केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान पूर्व मंत्री दीपक कुमार, पूर्व सांसद संजय कपूर, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया त्रिनेत्र ने पंचायत में कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। वहीं पंचायत में रागिनी का भी कार्यक्रम रखा गया है।

इससे पहले प्रियंका गांधी ने बिजनौर में किसान महासभा को संबोधित किया था। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोला और पूछा मोदी सरकार में क्या किसानों की आय दोगुनी हुई? प्रियंका ने कहा माना आपने भलाई के लिए कानून बनाए हैं, पर जब वो नहीं चाहते तो कानूनों को वापस लो। उन्होंने कहा, क्या मोदी सरकार जबरदस्ती किसानों की भलाई करेगी। मैं भाषण देने नहीं आई हूं, आपसे बातचीत करने आई हूं। उन्होंने किसानों से कहा आप हमें बनाते हैं। आप और हमारे बीच भरोसे का रिश्ता है और उसी रिश्ते के बल पर आप एक नेता को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा आपको इस बात की उम्मीद होती है कि वो नेता आपकी समस्याओं को उठाएगा और आपकी बात की सुनवाई होगी।

उन्होंने किसानों से बात करते हुए कहा कि जनता ने मोदी को दो-दो बार क्यों पीएम बनाया। प्रियंका ने कहा लोगों के मन में भरोसा रहा होगा कि वो आपके लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा पहली बार मोदी की सरकार आई तो बड़ी बड़ी बातें हुईं।

प्रियंका गांधी ने यहां सवाल किया कि 2017 से यहां गन्ने का मूल्य ही नहीं बढ़ा है। पीएम मोदी ने किसानों का बकाया पूरा नहीं किया, लेकिन अपने लिए 16 हजार करोड़ में हवाई जहाज खरीद लिया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार जो नए कानून लाई हैं, उससे उद्योगपति जमाखोरी कर सकते हैं।

पीएम मोदी अमेरिका, चीन और पाकिस्तान जा सकते हैं, लेकिन दिल्ली में बैठे किसानों से नहीं मिल सकते हैं। पीएम मोदी ने किसानों का मजाक उड़ाया और उन्हें आंदोलनजीवी और परजीवी बताया। मोदी जी देशभक्त और देशद्रोही में फर्क नहीं पहचान पाए।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने किसानों की मांग नहीं सुनने को लेकर सरकार से कहा जिस किसान का आप अपमान कर रहे हैं उसका बेटा सीमा पर आपकी सुरक्षा कर रहा है, आपको उनका अपमान करने का हक नहीं है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com