मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान पहुंचे। इस दाैरान केजरीवाल ने कहा कि हमने सभी गारंटी पूरी की। केजरीवाल ने मान सरकार के काम गिनवाकर 2027 के लिए वोट मांगे। वहीं सीएम भगवंत मान ने अपने संबोधन में अकाली दल पर तीखे हमले किए। रैली में स्मार्ट राशन कार्डों के वितरण की भी शुरुआत की गई।
वहीं रैली से पहले अचानक कॉफी मशीन फट गई। इस हादसे में मशीन का एक टुकड़ा वहां काम कर रहे एक व्यक्ति के सिर पर जा लगा। व्यक्ति गंभीर है।
पार्टी का दावा है कि सरकार ने 2022 में किए गए चुनावी वादों और पांच बड़ी गारंटियों को पूरा किया है। रैली में इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर जनता से समर्थन मांगा गया।
संविधान दिवस पर सुनील जाखड़ ने केजरीवाल-सिसोदिया से पूछे सवाल
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने संविधान दिवस पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने सवाल किया कि संविधान दिवस मनाने वाले केजरीवाल और सिसोदिया बताएं कि भारतीय संविधान में कहां लिखा है कि चुनाव जीतने के लिए साम, दाम, दंड, भेद, आपसी फूट डालने, लड़ाई करवाने और झूठ का सहारा लेने की अनुमति है।
जाखड़ ने केजरीवाल के प्रस्तावित मोगा दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने 2017 में केजरीवाल के पंजाब दौरे के दौरान एक ऐसे व्यक्ति के घर ठहरने के आरोप लगाए जो गंभीर आरोपों का सामना कर रहा था। जाखड़ ने सवाल किया कि क्या केजरीवाल मोगा दौरे के दौरान उस व्यक्ति को भी आम आदमी पार्टी में शामिल करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पहले ही पंजाब में अपराधियों को पार्टी में शामिल कर चुकी है और ऐसे लोगों के जरिए राज्य में अशांति का माहौल पैदा किया जा रहा है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब के लोग रोजाना इसका खामियाजा भुगत रहे हैं और सड़कों पर हो रही गोलीबारी इस बिगड़ती कानून-व्यवस्था की तस्वीर बयां कर रही है।
फरीदकोट में कर्मचारी नेताओं को हिरासत में लेने पर भड़के संगठन
आम आदमी पार्टी की मोगा रैली के मद्देनजर फरीदकोट जिला पुलिस की ओर से कर्मचारी संगठनों के नेताओं को हिरासत में लेने और कुछ को घरों में नजरबंद करने पर कर्मचारी संगठनों में रोष फैल गया। इसके विरोध में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि थाना सिटी पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया। करीब दो घंटे की तनातनी के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए नेताओं को रिहा कर दिया। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि वीरवार को मोगा रैली के दौरान संगठनों का कोई विरोध प्रदर्शन या कार्यक्रम निर्धारित नहीं था।
इसके बावजूद पुलिस ने डीसी दफ्तर यूनियन के जिला प्रधान करण जैन को सुबह उनके घर से हिरासत में लेकर थाने में बंद कर दिया, जबकि डेमोक्रेटिक टीचर फ्रंट के जिला प्रधान सुखविंदर सिंह सुक्खी को घर में नजरबंद कर दिया गया। सूचना मिलने पर मिनिस्टीरियल कर्मचारी यूनियन के प्रांतीय नेता गुरनाम सिंह विर्क के नेतृत्व में कर्मचारी थाना सिटी पहुंचे। विरोध के बाद करण जैन सहित अन्य कर्मचारियों को रिहा कर दिया गया। गुरनाम सिंह विर्क ने कहा कि आप सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। स्वीकार की जा चुकी मांगें भी लागू नहीं की जा रहीं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal