प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के ग्रामीण इलाकों के गरीब व दलित लोगों को आशा की किरण दिखा गए। पीएम मोदी ने बजट को गुरु रविदास के विचारों और गरीब-कल्याण से जोड़ दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेरा सचखंड बल्लां में संत गुरु रविदास जयंती के अवसर पर केंद्रीय बजट को गरीबों के जीवन में स्थायी बदलाव लाने वाला बताया और इसे गुरु रविदास जी के बेगमपुरा के विचारों से जोड़ा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी ने जिस समाज का सपना देखा था, जहां कोई भेदभाव, डर या अभाव न हो, वही उद्देश्य केंद्र सरकार का केंद्रीय बजट है। यह बजट गरीबों, दलितों, श्रमिकों और किसानों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का बजट केवल आंकड़ों की प्रस्तुति नहीं, बल्कि उन लोगों के जीवन को आसान बनाने की योजना है, जो अब तक सिस्टम के हाशिये पर थे। उन्होंने बताया कि यह बजट गरीबों को समान अवसर देने और उनके जीवन को भयमुक्त बनाने का प्रयास है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत,जनधन योजना, और पेंशन योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ये योजनाएं गरीबों के लिए डर-मुक्त जीवन की नींव हैं।
ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों के लिए विशेष ध्यान
प्रधानमंत्री ने बजट में ग्रामीण सड़कों, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य ढांचे और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे पंजाब के ग्रामीण इलाकों, मजदूर वर्ग और छोटे किसानों को सीधे लाभ होगा। उन्होंने कहा कि जब गरीब को बुनियादी सुविधाएं मिलती हैं, तभी समाज सच्चे अर्थों में प्रगति करता है। इस पहल से पंजाब की ग्रामीण आबादी को आशा की किरण मिली है, जो अक्सर गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही है।
संत गुरु रविदास जी की धरती पर विशेष संदर्भ
प्रधानमंत्री मोदी ने संत गुरु रविदास जी की धरती पर खड़े होकर बजट की चर्चा को खास बताया, क्योंकि यहां दलित, श्रमिक और कारीगर वर्ग की बड़ी संख्या है। उन्होंने कहा कि इस वर्ग के लिए बजट में एमएसएमई, हस्तशिल्प और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का प्रावधान किया गया है। इससे पंजाब के इन वर्गों को नए अवसर मिलेंगे। जालंधर की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से लेकर लुधियाना की कपड़ा इंडस्ट्री में भी बदलाव की दिशा दिखाने वाला यह बजट राज्य के विकास के लिए अहम कदम है।
समान अवसर और समाज का समग्र विकास
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा शासन देना है जहां हर नागरिक को समान अवसर मिलें और कोई भूखा न रहे। उन्होंने होशियारपुर, फिरोजपुर और बठिंडा के विकास के साथ-साथ पंजाब में कैंसर के बढ़ते मामलों पर भी अपनी चिंता व्यक्त की।
बजट का रास्ता बेगमपुरा की ओर
प्रधानमंत्री मोदी का संदेश स्पष्ट था कि बजट का रास्ता गुरु रविदास जी के बेगमपुरा की ओर जाता है, जहां डर नहीं, भेदभाव नहीं और अभाव नहीं होता। केंद्र सरकार का दावा है कि गुरु रविदास जी के विचारों से प्रेरित होकर गरीबों को सशक्त बनाना ही विकसित भारत की असली पहचान है।
काशी-पंजाब के संगम से युवा, उद्यमियों और किसानों को साधा
केंद्रीय बजट 2024 के बाद सीधे पंजाब पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने काशी और पंजाब के संगम का जिक्र करते हुए, राज्य के युवाओं, उद्यमियों और किसानों को योजनाओं से जोड़ने की कोशिश की। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से संत रविदास जी की जन्मभूमि को उनके प्रेरणास्थल से जोड़ते हुए, पंजाब के विकास के विभिन्न पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया।
प्रधानमंत्री रविवार को जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां में संत श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के उपलक्ष्य में माथा टेकने पहुंचे। यहां अपने संबोधन में मोदी ने आध्यात्म, आत्मनिर्भरता और समान अवसर की बात करते हुए कहा कि पंजाब को कभी भी केंद्र की प्राथमिकताओं से बाहर नहीं किया गया है।
चाहे वह कृषि, औद्योगिक विकास, विनिर्माण या शिक्षा और स्वास्थ्य हो, केंद्र की नीतियों का हमेशा पंजाब को लाभ मिला है। मोदी ने यह भी बताया कि संत गुरु रविदास जी की शिक्षा सभी को समान अवसर के सिद्धांत पर आधारित है, और इसी सिद्धांत के तहत पंजाब में समान विकास की दिशा में काम किया जा रहा है।
वीरभूमि, कुशल युवा और व्यापार डील
प्रधानमंत्री ने पंजाब को वीरभूमि करार देते हुए यहां के कुशल युवाओं की तारीफ की और भारत-ईयू के बीच हाल ही में हुए व्यापार समझौते का जिक्र किया। उन्होंने पंजाबियों को समझाया कि इस व्यापार डील से राज्य को बड़े फायदे होंगे। मोदी ने कहा कि पंजाब की पहचान यहां के मेहनती लोगों, किसानों और कुशल युवाओं से है। इस समझौते से जालंधर, लुधियाना और अमृतसर में कपड़ा और खेल उद्योग से जुड़े लाखों लोगों को लाभ होगा।
27 देशों में नए बाजार मिलेंगे
पंजाब के ट्रेड सेक्टर को यूरोप के 27 देशों में नए बाजार मिलेंगे, जिससे राज्य में मैन्युफैक्चरिंग, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक सेक्टर में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री ने फूड प्रोसेसिंग उद्योग से जुड़े जिलों का भी उल्लेख करते हुए, इस क्षेत्र में पंजाब की तरक्की की दिशा भी स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यह व्यापार समझौता पंजाब के युवाओं, उद्यमियों और किसानों के लिए एक बड़ा अवसर लेकर आया है, जो राज्य के समग्र विकास में सहायक होगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal