लखनऊ। प्रदेश सरकार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च को महिलाओं व बच्चों की कई योजनाओं का शुभारंभ करने जा रही है। इनमें विधवा आश्रम की विधवाओं को वृंदावन के मंदिरों से निकलने वाले फूलों से गुलाल, इत्र, धूपबत्ती, अगरबत्ती आदि बनाने का प्रशिक्षण प्रमुख हैं। प्रदेश के आठ प्रमुख जिलों में कौशल विकास केंद्र की स्थापना की जाएगी।
महिला कल्याण विभाग के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे राज्यपाल राम नाईक। कार्यक्रम में वृन्दावन के आश्रय सदनों में रहने वाली विधवाओं को सम्मानित किया जाएगा। फूलों से सुगंधित पूजन सामग्री बनाने की प्रशिक्षण किट भी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में आठ जिलों लखनऊ, वाराणसी, इलाहाबाद, कानपुर, बरेली, मथुरा, आगरा व नोएडा में राष्ट्रीय कौशल विकास केंद्र की स्थापना की जाएगी। इसमें महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्म निर्भर बनाया जाएगा। मानसिक मंदित बच्चों के लिए पीपीपी मॉडल पर बाल गृह का संचालन भी शुरू किया जाएगा।
महिला कल्याण विभाग महिलाओं व बच्चों की सच्ची घटनाओं पर आधारित कहानियों का रेडियो चैनलों पर प्रसारण भी शुरू कराएगा। इसमें ऐसी कहानियों को चुना गया है जो प्रेरणा देंगी। लोकभवन में होने वाले इस कार्यक्रम में महिला कल्याण मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी व राज्यमंत्री स्वाति सिंह मौजूद रहेंगी।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिलाओं का आज नहीं होगा सम्मान
प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिलाओं का रानी लक्ष्मी बाई वीरता पुरस्कार गुरुवार को नहीं मिलेगा। यह पुरस्कार रानी लक्ष्मी बाई सम्मान कोष से दिया जाता है। मुख्यमंत्री का समय न मिल पाने के कारण यह कार्यक्रम गुरुवार को नहीं होगा। इसमें 100 महिला ग्राम प्रधान के अलावा अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। इसमें एक-एक लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।
 Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
 
		
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
