रेस्टोरेंट जैसी क्रीमी और स्मोकी ‘दाल मखनी’ बनाएं अब घर पर

सामग्री
1 कप साबुत उड़द दाल (काली दाल),
¼ कप राजमा
3 मध्यम टमाटर (प्यूरी)
2 प्याज (बारीक कटे हुए)
1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
½ छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच गरम मसाला
नमक स्वादानुसार
3 बड़े चम्मच मक्खन
¼ कप ताजी क्रीम
2 बड़े चम्मच तेल या घी
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
बारीक कटा हरा धनिया

बनाने की विधि
दाल मखनी का असली स्वाद तभी आता है जब दाल अच्छी तरह भीगी हो। उड़द दाल और राजमा को कम से कम 8-10 घंटे या पूरी रात के लिए भिगो दें। अगले दिन दाल को अच्छी तरह धो लें। अब कुकर में दाल, राजमा, 4 कप पानी और थोड़ा नमक डालकर 5-6 सीटी आने तक पकाएं। दाल इतनी गलनी चाहिए कि हाथों से दबाने पर वह आसानी से मैश हो जाए।
इसके बाद एक भारी तले वाली कड़ाही में घी और मक्खन गरम करें। इसमें बारीक कटे प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कच्चापन निकलने तक पकाएं। इसके बाद टमाटर की प्यूरी, लाल मिर्च पाउडर और हल्दी डालें। मसाले को तब तक भूनें जब तक कि वह किनारों से तेल न छोड़ने लगे।
अब उबली हुई दाल को कड़ाही में डालें और अच्छी तरह मिलाएं। दाल मखनी के टेक्सचर का असली राज इसकी घुटाई में है। धीमी आंच पर दाल को पकने दें और बीच-बीच में चम्मच से दाल को मैश करते रहें। अगर दाल बहुत गाढ़ी हो जाए, तो थोड़ा गरम पानी मिला सकते हैं। इसे कम से कम 20-30 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
जब दाल गाढ़ी और मखमली हो जाए, तो इसमें गरम मसाला और हथेलियों से रगड़कर कसूरी मेथी डालें। अब इसमें ताजी क्रीम मिलाएं और अच्छी तरह चलाएं। क्रीम डालते ही दाल का रंग बदल जाएगा और वह बेहद आकर्षक दिखने लगेगी।
रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाने के लिए एक जलता हुआ कोयला छोटी कटोरी में रखकर दाल के बीच में रखें, उस पर थोड़ा घी डालें और ढक्कन बंद कर दें। 5 मिनट में दाल में ढाबा स्टाइल स्मोकी फ्लेवर आ जाएगा।
दाल मखनी बनकर तैयार है। ऊपर से थोड़ा और मक्खन और हरा धनिया डालकर सजाएं और गरमा-गरम लच्छा परांठा, बटर नान या जीरा राइस के साथ परोसें।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com