आरसीबी के स्टार ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर की खास अपील, अपने पुराने बयान पर दिखे कायम

वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से धमाल मचा रखा है। 15 साल का ये बल्लेबाज कई लोगों का चहेता है और उनमें से ही एक हैं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा। जितेश ने कुछ दिन पहले वैभव को लेकर कहा था कि वह अनप्रोफेशनल हैं। इस बात को लेकर काफी विवाद हुआ था। जितेश ने अब इस पर दोबारा बात की है और कहा है कि वैभव अभी भी बच्चा है और उसे ऐसा ही रहने दो।

जितेश ने आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के साथ एक पॉडकास्ट में वैभव को लेकर कहा था कि वह अनप्रोफेशनल हैं। अपने इस बयान को लेकर जितेश ने सफाई दी है।

ये है सच्चाई

जितेश ने एक पॉडकास्ट में बताया कि डिविलियर्स ने उनसे भारत के भविष्य के बारे में पूछा था और उन्होंने जवाब में वैभव का नाम लिया। उन्होंने कहा, “वह मेरा बहुत अच्छा दोस्त है। हम दोनों काफी करीब हैं। मैं उसे कुछ भी कह सकता हूं। एबी ने मुझसे पूछा था कि आपको क्या लगता है कि कौन-सा खिलाड़ी भारत के लिए स्टार बनेगा? मैंने तुरंत वैभव का नाम लिया। जब उन्होंने पूछा कि क्यों? तो मैंने उसकी तकनीक, मानसिकता और मेहनत के बारे में बताया। मैंने कहा कि वैभव तीनों फॉर्मेट में धमाल मचा सकता है और वह मैदान पर काफी प्रोफेशनल दिखता है लेकिन मैदान के बाहर ऐसा नहीं है।”

वैभव को आईसक्रीम पसंद है

अपने और वैभव की दोस्ती के बारे में बात करते हुए जितेश ने कहा,”वह 15 साल का बच्चा है जिसे आईसक्रीम खाना पसंद है। वह मेरे कमरे में आता है और खाता है। मैं नहीं खाता वो खाता है। एक बच्चा अगर आईसक्रीम नहीं खाएगा तो क्या करेगा? वह मेरे घर आता है, मेरी पत्नी से बात करता है। यूट्यूब पर वीडियो देखता है। वह मेरे छोटे भाई की तरह है।”

जितेश ने कहा कि लोग क्या कहते हैं उससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, “मुझे फर्क नहीं पड़ता कि लोग क्या कहते हैं। उनसे काफी सारे प्रोफेशनलिज्म की उम्मीदें हैं क्योंकि उसे इस लेवल पर प्रदर्शन करना है, लेकिन वह अभी भी 15 साल का है। एक बच्चे को बच्चा रहने दो।”

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com