वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में अपने बल्ले से गेंदबाजों के दिमाग में खौफ भर दिया है। लगातार दो सीजन से ये बल्लेबाज आईपीएल में तूफान मचा रहा है। ऐसे में कई लोग उनके मुरीद बन गए हैं जिसमें अब नया नाम जुड़ गया है। ये हैं दुनिया के खूंखार गेंदबाजों में गिने जाने वाले वेस्टइंडीज के इयान बिशॉप। बिशॉप ने वैभव की जमकर तारीफ की है।
उन्होंने सिर्फ राजस्थान रॉयल्स के ओपनर की तारीफ ही नहीं की है बल्कि गेंदबाजों को नसीहत भी दे डाली है जिसका साफ मतलब है कि थोड़ा सा भी चूके तो गेंद बाउंड्री के पार ही जानी है।
मजबूत है वैभव
वैभव ने इस सीजन कमाल की बल्लेबाजी की है और वह लगातार ऑरैंज कैप की रेस में हैं। वह इस सीजन 36 गेंदों पर शतक भी जड़ चुके हैं जो उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बनाया था। इसी टीम के खिलाफ वह इसी सीजन पहले मैच में गोल्डन डक का शिकार हुए थे। बिशॉप ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि साइकॉलोजिकली और कैरेक्टर के हिसाब से, वह काफी मजबूत है क्योंकि वह आसानी से विश्व के दिग्गज गेंदबाजों का सामना कर रहा है।”
उन्होंने कहा, “इसलिए वह मानसिक रूप से विश्व के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने जसप्रीत बुमराह को आड़े हाथों लिया। तकनीकी तौर पर वह अलग हैं। उनका बैट स्विंग बेसबॉल स्टाइल जैसा है।”
वापसी करने का दम
बिशॉप ने कहा कि वैभव में बेशक तकनीकी खामियां हो सकती हैं, लेकिन उनमें वापसी करने का दम है। अपनी गेंदों से बल्लेबाजों के दिल में खौफ पैदा करने वाले बिशॉप ने कहा, “ये कहना काफी मुश्किल है कि उसकी कमजोरी क्या है क्योंकि बैक ऑफ लैंग्थ जो अंडर-19 वर्ल्ड कप और सनराइजर्स हैदराबाद के मैच में उनके खिलाफ काम की थी, उस पर अगर आप थोड़ा सा भी चूकते हो तो वह गेंद को बाहर भेज देंगे।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal