संविधान दिवस पर आज हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र, संवैधानिक मूल्यों पर होगी चर्चा

संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। यह सत्र संविधान, संविधान निर्माताओं और देश की महान विभूतियों के योगदान को समर्पित रहेगा। सदन में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों पर मंथन किया जाएगा।

विशेष सत्र के शुभारंभ से पहले विधानसभा परिसर में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सभी विधायक संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि देंगे। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शोक प्रस्तावों के साथ शुरू होगी। इसके बाद 11:15 बजे कार्यवाही सवा घंटे के लिए स्थगित की जाएगी। इस दौरान विधानसभा भवन के बाहर सेरेमोनियल गेट के पास विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, संविधान निर्माताओं के योगदान और संवैधानिक मूल्यों पर आधारित डॉक्यूमेंटरी फिल्म दिखाई जाएगी।

कार्यक्रम से पहले विधानसभा पुस्तकालय के सामने स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और संविधान की प्रति पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सभी सदस्यों को संविधान की हिंदी और अंग्रेजी प्रतियां भेंट करेंगे। दोपहर 12:30 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com