गाजियाबाद: हलाला पीड़ित महिला ने न्याय न मिलने पर हिदू धर्म अपनाने की चेतावनी दी है। हलाला के चलते उसने दूसरा निकाह किया था, लेकिन अब दूसरा पति न तो तलाक दे रहा है और न ही उसे साथ रख रहा है।
वह किसी दूसरी युवती से शादी कर पिछले सवा साल से फरार है। पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए जय-शिव सेना संस्था ने बीड़ा उठाया है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित आर्यन ने कहा कि यदि महिला को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।
बुधवार को पीड़िता प्रेसवार्ता के माध्यम से मीडिया से मुखातिब हुई और पीड़ा बताई। उसने बताया कि वह दिल्ली के जहांगीरपुर की रहने वाली है और उसकी शादी 13 वर्ष की आयु में तलाकशुदा लोनी निवासी 26 वर्षीय व्यक्ति से हुई थी।
शादी के बाद उसे तीन संतान हुई और पति उसे प्रताड़ित करता था। इसके चलते तीन वर्ष पूर्व उसका पति से तलाक हो गया। इसके बाद उसने तीन माह की इद्दत की और उसकी शादी लोनी निवासी दूसरे युवक से हो गई।
दूसरे पति से उसे सवा साल पूर्व बेटी पैदा हुई। उसी समय उसके पति ने दूसरी युवती से शादी कर ली। तब से वह न्याय के लिए भटक रही है। बच्चों के पालन-पोषण में काफी कठिनाई हो रही है।
इस संबंध में उसने नवंबर में पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ लोनी थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस भी कोई मदद नहीं कर रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal