मुंबई की भायखला जेल में 300 महिला कैदी फूड प्वाइजनिंग की शिकार हो गई हैं। इनमें से 81 कैदियों को जे.जे.अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की तबियत में सुधार हो रहा है। जेल अधिकारी राजवर्धन सिन्हा ने जानकारी दी है कि शुक्रवार की सुबह से ही कुछ कैदियों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। धीरे-धीरे यह तादाद बढ़ने लगी।
इसके बाद सभी महिला कैदियों की हालत खराब देख जेल प्रशासन ने उन्हें इलाज के लिए जेजे अस्पताल भिजवाया। इसी जेल में हाईप्रोफाइल शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी भी कैद है। ताजा जानकारी के अनुसार कैदी मरीजों की हालत में सुधार आ रहा है। जेल प्रशासन के अनुसार तीन दिन पहले एक कैदी को कालरा हो गया था। इसके बाद सारे कैदी और जेल स्टाफ को रोग प्रतिरोधक एंटीबायोटिक दवा खिलाई गई थी। लेकिन जब कैदियों ने खाली पेट दवा खाई तो उन्हें उल्टी और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal