वीकेंड हो या घर पर कोई खास मेहमान आने वाला हो, सबसे पहले ख्याल आता है- “चलो बाहर से कुछ अच्छा मंगाते हैं।” हम अक्सर रेस्टोरेंट के महंगे मेन्यू और लंबी वेटिंग लिस्ट के चक्कर में पड़ जाते हैं, सिर्फ उस एक ‘परफेक्ट डिश’ के लिए। क्या आप जानते हैं कि जिस ‘काजू करी’ के लिए आप बाहर खर्चा करते हैं, उसे घर पर बनाना बेहद आसान है? जी हां, यह एक ऐसी डिश है, जिसे खाने के बाद आपका पेट तो भरेगा, लेकिन मन नहीं। आइए जानते हैं।
काजू करी बनाने के लिए सामग्री
काजू: 1 कप (आधा कप ग्रेवी के लिए, आधा कप तलकर सब्जी में डालने के लिए)
सब्जियां: 2 प्याज, 3 लाल टमाटर, 1 इंच अदरक, 5-6 कलियां लहसुन।
खड़े मसाले: तेजपत्ता, दालचीनी का एक छोटा टुकड़ा, 2 हरी इलायची।
पिसे मसाले: हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च (रंग के लिए), धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक।
खास टच: ताजी मलाई या क्रीम (2 चम्मच), कसूरी मेथी और 1 चम्मच मक्खन/घी।
ग्रेवी में है असली सिक्रेट
रेस्टोरेंट वाली काजू करी का सारा राज उसकी ग्रेवी में छिपा होता है। इसके लिए आपको प्याज, टमाटर, अदरक, लहसुन और थोड़े से कच्चे काजू को पानी में उबालकर एक स्मूथ पेस्ट बनाना होगा। याद रखिए, ग्रेवी में काजू पीसकर डालने से ही वह गाढ़ापन और शाही टेक्सचर आता है, जो हमें होटलों में मिलता है। जब यह पेस्ट तैयार हो जाए, तो समझिए आपका आधा काम हो गया।
काजू को ‘गोल्डन’ करना न भूलें
सब्जी का हीरो ‘काजू’ है, इसलिए उसे खास ट्रीटमेंट देना तो बनता है। ग्रेवी पकाने से पहले, एक चम्मच देसी घी में काजू को हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। यह स्टेप बहुत जरूरी है क्योंकि जब आप नरम ग्रेवी के साथ कुरकुरे काजू खाते हैं, तो मुंह में स्वाद का धमाका होता है।
कसूरी मेथी और मलाई
मसालों को तेल छोड़ने तक भूनें और फिर उसमें तले हुए काजू मिला दें। गैस बंद करने से पहले, घर की ताजी मलाई और हथेलियों से रगड़कर थोड़ी सी ‘कसूरी मेथी’ डालें। बता दें, कसूरी मेथी की खुशबू आपकी पूरी रसोई को महका देगी। इसे गरमा-गरम नान या पराठे के साथ परोसें और फिर देखिए, घरवाले आपकी तारीफ करते नहीं थकेंगे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal