भाजपा का अभियानः एक पखवारे तक गांवों में लगेगी बड़े नेताओं की चौपाल…

ग्राम स्वराज अभियान के बाद भाजपा अब गांवों में चौपाल लगाएगी। मकसद लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहित से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देना है। इन योजनाओं से छूटे पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर उनको पात्रता के अनुसार इन योजनाओं का लाभ दिलाना। इसकी कार्ययोजना बनाने के लिए बुद्धवार को यहां भाजपा मुख्यालय पर बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष डा.महेंद्र पांडेय और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पूरी कार्ययोजना पर चर्चा की।

13206 गांवों में लगेगी चौपाल

सौदान सिंह ने कहा है कि भाजपा शुक्रवार से एक पखवाड़े तक प्रदेश के 13206 गांवों में चौपाल लगाएगी। इनका आयोजन शाम छह से रात 10 बजे तक होगा। इस दौरान लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहित की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा।हर चौपाल में पार्टी का एक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि या राज्य सरकार के मंत्री अनिवार्य रूप से रहेंगे। इस दौरान महानगर के विधायक या प्रमुख कार्यकर्ता भी शहर की किसी एक बस्ती में प्रवास पर रहेंगे। शिव प्रकाश ने कहा कि चौपालों में उज्जवला, प्रधानमंत्री आवास, फसल बीमा, मुद्रा, ओडीएफ , सौभाग्य, आयुष्मान भारत, किसानों की कर्ज माफी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और मुद्रा योजना के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। ऐसी तमाम योजनाओं के लाभ से जो पात्र लाभार्थी छूट गये हैं, उनको भी इनका लाभ मिल सके इसके लिए उनकी सूची भी तैयार की जाएगी। चौपाल किस गांव में लगनी है इसका चयन कार्यक्रम संयोजक, मंडल अध्यक्ष और जिला संयोजक संयुक्त रूप से करेंगे।

समाज के अंतिम व्यक्ति के दरवाजे तक पहुंचेगी भाजपा : डा.महेंद्रनाथ  

प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति की खुशहाली भाजपा का लक्ष्य है। गांवों में लगने वाली चौपालों का मकसद भी यही है। दीन दयाल उपाध्याय के सपनों को पूरा करने के लिए भाजपा खुद हर गरीब के दरवाजे तक पहुंचेगी। यह पार्टी के नारे सबका साथ सबका विकास के अनुरूप है। बैठक के पूर्व प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पूरी कार्ययोजना के बारे में बताया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा क्षेत्र के पदाधिकारी भी मौजूद थे। 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com