लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के चलते आज अमरनाथ यात्रा पूरी तरह से रोक दी गई है। खराब मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं को जम्मू कैंप पर ही रोका गया है। अधिकारियों ने बताया कि कई जगहों पर भूस्खलन की वजह से काली माता ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है। पवित्र गुफा के रास्ते में करीब 100 मीटर का ट्रैक बारिश में बह गया है। इसके अलावा छोटे-छोटे पुल भी तेज धार में बह गए हैं। इसकी वजह से बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा को रोकना पड़ा है।
मूसलधार बारिश के चलते श्री अमरनाथ यात्रा शुक्रवार को दूसरे दिन भी बाधित रही। आधार शिविर बालटाल से यात्रा दिनभर स्थगित रही, जबकि पहलगाम मार्ग से मात्र 1263 श्रद्धालुओं को रवाना करने के बाद यात्रा फिर रोक दी गई। बिगड़े मौसम का ही असर रहा कि शुक्रवार को मात्र 280 श्रद्धालुओं ने पवित्र हिमलिंग के दर्शन किए। इसके साथ ही दो दिनों में बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 1287 पहुंच गई। बारिश से हजारों श्रद्धालु बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों में फंस कर रह गए हैं। इधर, जम्मू से निकला 2876 श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था भी जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर भूस्खलन से ऊधमपुर से रामबन तक छह घंटे रास्ता बंद हो जाने से जाम में फंसा रहा।
पहले दिन 1007 शिव भक्तों ने पवित्र हिमलिंग के दर्शन किए थे। उम्मीद थी कि मौसम साफ होने के बाद शुक्रवार को यात्रा सुचारू हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि बालटाल मार्ग पर बारिश के कारण काली माता रास्ते को नुकसान पहुंचा है। उसे ठीक किया जा रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal