दो अक्तूबर को वाराणसी आएंगी प्रियंका गांधी, रोहनिया में करेंगी महारैली

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से पूर्वांचल में चुनावी बिगुल फूंकेंगी। दो अक्तूबर को रोहनिया में महारैली को संबोधित चुनावी शंखनाद करेंगी। वाराणसी से ही प्रियंका गांधी प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत करेंगी।

उक्त जानकारी शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने दी। विधानसभा चुनाव के  लिए राजनीतिक पार्टियों ने अब सक्रियता तेज कर दी है। बनारस के राजनीतिक अखाड़े में घमासान तेज होने के आसार नजर आ रहे हैं। प्रियंका गांधी बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर पूर्वांचल के चुनावी रण का श्रीगणेश करेंगी। 

महानगर पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी  ने कहा कि आगामी दो अक्तूबर को वाराणसी के रोहनिया स्थित जगतपुर पीजी कॉलेज में बड़ी जनसभा का आयोजन करने जा रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी इसे संबोधित करेंगी। 
पढ़ेंः ललितेशपति त्रिपाठी का कांग्रेस से इस्तीफा: सौ सालों का नाता चौथी पीढ़ी तक पहुंचकर खत्म, प्रियंका गांधी के पूर्वांचल दौरे से ठीक पहले छोड़ी पार्टी

महारैली में कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना
राजेश तिवारी  ने कहा कि प्रियंका गांधी की रैली में कई राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी की प्रतिज्ञा यात्रा सात अक्तूबर से वाराणसी से शुरू होगी। जो पूरे प्रदेश का भ्रमण करेगी। कहा कि इस बार हम सभी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में ज़मीनी स्तर और बूथ लेवल तक संगठन का निर्माण कर चुनाव लड़ने जा रहे हैं। 
नेताओं के सौंपी रैली के संबंध में जिम्मेदारी

राजेश तिवारी  ने कहा कि अभी तक हम लोगों ने 8134 न्याय पंचायतों में 58 हज़ार ग्राम सभाओं में अपना संगठन बनाया है। प्रदेश के सभी सवा लाख पोलिंग बूथ पर भी संगठन तैयार किया है। उन्हें ट्रेनिंग दी जा रही कि चुनाव के दौरान कैसे पार्टी के पक्ष में जनाधार बनाना है। राजेश तिवारी ने शुक्रवार को महानगर पार्टी कार्यालय मैदागिन पर महानगर, जिला और शहर कमेटी के अलावा कांग्रेस की सभी इकाइयों की प्रियंका गांधी की रैली के संबंध उनकी जिम्मेदारी सौंपी।

कांग्रेस नेता बोले- ललितेशपति त्रिपाठी का जनाधार खत्म
पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी के इस्तीफे के सवाल पर राजेश तिवारी ने कहा कि किसका क्या जनाधार है ये पार्टी में रहते समय पता चलता है। पार्टी से इस्तीफे के साथ ही साथ उसका जनाधार भी खत्म हो जाता है। रही बात लोगों कि तो लोग पार्टी की विचारधारा से जुड़ते हैं किसी इंसान से नहीं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com