आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर क्या होने वाला था बड़ा फैसला? CM मोहन ने खोल दिया राज!

भोपाल। मध्यप्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राज्य में कार्यरत किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को हटाने का सरकार का कोई फैसला नहीं है। कर्मचारियों को बाहर किए जाने की खबरों को भ्रामक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आउटसोर्स नियुक्तियों की मौजूदा व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की तरक्की में अधिकारी और कर्मचारियों की अहम भूमिका है। सरकार कर्मचारियों के हितों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के चेहरे पर संतुष्टि और मुस्कान होगी, तभी प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकेगा।

दरअसल, मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई और सरकार द्वारा लिए गए फैसलों के लिए आभार जताया गया।

दो संतान की अनिवार्य शर्त खत्म करने के फैसले का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा से जुड़ी अनिवार्य नीति समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के मामले में निर्धारित शर्तों के तहत CPCT की अनिवार्यता से छूट दी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। सरकार के प्रयासों से एक लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिल चुका है। इससे विभागों में नई जिम्मेदारियों के साथ काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ी है।

अनुकंपा नियुक्ति और भत्तों को लेकर भी सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि कर्मचारियों से जुड़े करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया गया है। उनका कहना था कि वेतन और भत्तों के भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को राहत देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों का भी तेजी से निपटारा किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग में एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दिए जाने की जानकारी भी उन्होंने साझा की।

इसके साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की सहमति लेने की पुरानी व्यवस्था समाप्त किए जाने का भी उल्लेख किया गया। कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को समझने के लिए राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के गठन को भी सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

कर्मचारी संगठनों ने सरकार के फैसलों की सराहना की

समारोह में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखी। संगठनों ने पदोन्नति, वेतन विसंगतियों के समाधान, अनुकंपा नियुक्ति और कर्मचारियों से जुड़े अन्य फैसलों की सराहना की। कार्यक्रम में कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में भी कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेती रहेगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से हटाए जाने की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com