टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कोलकाता में प्रैक्टिस सेशन के दौरान एक ऐसा काम किया, जिसके बाद उनकी चारों तरफ तारीफ हो रही है। दरअसल, अभ्यास सत्र के दौरान टीवी टीम के एक सदस्य को गेंद लग गई थी। 
इसे देख कप्तान कोहली ने प्रैक्टिस बीच में ही छोड़ी और उस क्रू मेंबर के पास पहुंचे तथा उसका इलाज कराया। जानकारी मिली है कि टीवी टीम के एक सदस्य को गेंद तब लगी जब मोहम्मद शमी की गेंद पर कोहली बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे थे।
कोहली एक गेंद खेलने में चूके, जो टीवी टीम के सदस्य के सिर पर जा लगी। टीम इंडिया के कप्तान तुरंत नेट्स से बाहर गए और शमी के साथ उस सदस्य के पास पहुंचे। 28 वर्षीय कोहली ने फिजियो को बुलाया और टीवी टीम के सदस्य का उचित उपचार सुनिश्चित करने के बाद ही वापस अभ्यास किया। नेट्स पर कोहली ने कारपेंटर को बुलाकर अपने बल्ले को एक इंच छोटा करवाया क्योंकि वह अपने नीचे वाले हाथ पर अधिक नियंत्रण बनाने के लिये छोटे हैंडल से बल्लेबाजी कर रहे थे।
कोहली समेत टीम इंडिया के सदस्यों ने सोमवार को घंटों प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया था। इस दौरान कप्तान कोहली पूरी तरह से लय में दिखे। उन्होंने ड्रिल्स के साथ शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने थ्रोडाउन और शॉर्ट पिच गेंदों का सामना किया और फिर नेट्स पर पहुंचे। उन्होंने भी स्पिनरों के खिलाफ रिवर्स स्वीप खेलने का अभ्यास किया।
टीम इंडिया 16 नवंबर से कोलकाता में श्रीलंका के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज का पहला मैच खेलेगी। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीत कर आई श्रीलंकाई टीम भारत के खिलाफ अपना रिकॉर्ड सुधारना चाहेगी। वहीं टीम इंडिया टेस्ट में अपनी बादशाहत बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal