देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो कि इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में रविवार सुबह तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे 3.4 डिग्री पर दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
लोधी रोड पर तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी की ओर से बताया गया कि बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं की वजह से शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है।
शुक्रवार को जाफरपुर मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शहर में गुरुवार को बेहद ठंडा दिन दर्ज किया गया था। जब अधिकतम तापमान गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम था और इस मौसम का सबसे कम तापमान था।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और शनिवार को यह 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के अनुसार ठंडा दिन तब होता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है।
बेहद ठंडा दिन तब होता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन तक न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal