गरुड़: राज्य में कुमाऊं के तीन विद्यालयों को तरुश्री सम्मान दिया गया। पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर यह पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार स्वरूप इन विद्यालयों को एक-एक लाख रुपये की धनराशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
बागेश्वर जिले के राजकीय जूनियर हाईस्कूल पिंगलों, पदम सिंह परिहार राइंका वज्यूला और पिथौरागढ़ जिले के बीएलएस राबाइंका एंचोली का चयन तरुश्री पुरस्कार के लिए किया गया है। पूरे उत्तराखंड में कुमाऊं मंडल से इन तीन विद्यालयों का ही चयन किया गया है। इस बार गढ़वाल मंडल के खाते में ये पुरस्कार नहीं जा पाया। चयनित होने वाले इन विद्यालयों ने पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन की दिशा में वर्षभर उल्लेखनीय कार्य किए।
शिक्षा सचिव डॉ. भूपिंदर कौर औलख की ओर से जारी पत्र में इन तीनों विद्यालयों को शैक्षिक सत्र 2017-18 के लिए पुरस्कार के लिए चयनित किए जाने की सूचना दी गई है। राजकीय जूनियर हाईस्कूल पिंगलों के प्रधानाध्यापक सुरेश सती और पदम सिंह परिहार राइंका वज्यूला के प्रधानाध्यापक केसी पाठक और एनएसएस प्रभारी आलोक पांडे के अथक परिश्रम से यह पुरस्कार गरुड़ विकासखंड की झोली में आए हैं। दोनों विद्यालय गरुड़ विकासखंड से चयनित होने पर विधायक चंदन राम दास, पूर्व विधायक ललित फर्सवाण समेत तमाम लोगं ने चयनित विद्यालयों को बधाई दी है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal