पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चुनावी रैली में हुए विस्फोट में मारे गए लोगों के लिए पाकिस्तान आज (रविवार) राष्ट्रीय शोक मना रहा है। इन हमलों में मारे गए लोगों के सम्मान में आज पाक का राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। शुक्रवार को बलूचिस्तान में हुए आत्मघाती हमले में मौत की संख्या 130 हो गई है। 25 जुलाई को देश में होने वाले आम चुनाव से पहले आतंकी हमलों ने राजनेताओं की चिंता बढ़ा दी है।
बता दें कि बलूचिस्तान आवामी पार्टी के नेता सिराज रायसानी की मस्तंग इलाके में आयोजित सभा को निशाना बनाया था। रायसानी पीबी-35 से प्रत्याशी थे। इस हमले में 128 लोग मारे गए, लेकिन दो घायलों की मौत के बाद ये आंकड़ा बढ़कर 130 हो गया है। वहीं धमाके में करीब 200 लोग जख्मी हो गए, इनमें 20 की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
पाकिस्तान में दो बड़े आतंकी हमलों में (बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत) 135 मासूम नागरिकों की मौत हो चुकी है। बलूचिस्तान आतंकी हमले से पहले खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू इलाके में मुत्ताहिदा मजलिस अमाल नेता अकरम खान दुर्रानी की रैली में विस्फोट हुआ था। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 अन्य घायल हो गए। हालांकि दुर्रानी बाल बाल बच गए लेकिन उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था। इस बीच बलूचिस्तान हमले की जिम्मेदारी आइएसआइएस ने ली है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal