अखिलेश यादव ने कहा गुजरात में भाजपा को पहले से कम सीट मिलना पतन की शुरुआत
अखिलेश यादव ने कहा गुजरात में भाजपा को पहले से कम सीट मिलना पतन की शुरुआत

अखिलेश यादव ने कहा गुजरात में भाजपा को पहले से कम सीट मिलना पतन की शुरुआत

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव गुजरात में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन को उसकी शुरुआत मान रहे हैं। अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में कहा कि भारतीय जनता पार्टी तो गुजरात में 150 सीट लाने का दावा कर रही थी, वह तो दो अंक में ही सिमट गई।प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के सीट जीतने के मामले में दो अंकों में पहुंचने को शुभ संकेत बताया। उन्होंने कहा कि यह संकेत भाजपा के पतन की शुरुआत हैं। गुजरात तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम पर अखिलेश यादव ने कहा कि हम जनता के निर्णय का सम्मान करते हैं। गुजरात में भाजपा 150 सीट जीतने का दावा कर रही थी, जबकि परिणाम ठीक इसके उलट रहे।अखिलेश यादव ने कहा गुजरात में भाजपा को पहले से कम सीट मिलना पतन की शुरुआत

अखिलेश यादव ने कहा कि गुजरात में 22 वर्ष सत्ता में रहने के बाद भी वहां पर पार्टी को जीत दिलाने के लिए प्रधानमंत्री सहित भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री व मंत्री पूरे चुनाव के दौरान गुजरात में डटे रहे। एक बात अहम यह है कि चुनाव में बूथ मैनेजमेंट संगठन के अलावा आखरी वक्त के प्रचार भी मायने रखते हैं।

भाजपा के आखिरी वक्त के चुनाव प्रचार ने कांग्रेस और उनके सहयोगियों को नुकसान पहुंचाया। सत्ता एवं सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग करने के साथ-साथ चुनाव को प्रभावित करने के सभी हथकंडे अपनाए गए। उन्होंने कहा कि इस चुनाव से बीजेपी के जातिवाद व साम्प्रदायिक राजनीति का सच जनता के सामने आ गया है। चुनाव प्रचार में भाजपा नेताओं ने असंसदीय बयानों और बड़बोलेपन से अपनी राजनीति साख गिराई है।

गुजरात चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भी पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था और सभी सीटों पर उसकी हार हुई थी। समाजवादी पार्टी ने भी गुजरात में अपने पांच प्रत्याशी मैदान में उतारे थे, लेकिन उसे एक भी सीट नहीं मिली। मुलायम सिंह यादव ने कुछ दिनों पहले ऐसी भविष्यवाणी कर भी दी थी।

अखिलेश यादव ने यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा इस सरकार में कानून व्यवस्था इतनी अच्छी है कि कहीं पर एसडीएम को धमका मिल रही है तो कहीं सीओ सिटी को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतना कुछ हो रहा है मगर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बहुत अच्छी है और वो किसी पर कार्यवाई नहीं करेगी। 

किसानों के हालात पर अखिलेश ने कहा कि सीएम योगी ने हिमाचल में जाकर कहा कि हमारे यहां आलू का किसान बहुत खुश है। मगर यहां पर सैकड़ों किलो आलू कोल्ड स्टोरेज में रखे हुए ही सड़ गया है। अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को धान की उचित कीमत नहीं मिल रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि देश में अन्य जगह हार्दिक पटेल जैसे लोग मिले तो 2019 में भाजपा का सामना किया जा सकता है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा और वीएचपी जैसे संगठन इस कोशिश में रहते हैं कि किस तरह समाज में खाई पैदा की जाये। लखनऊ में पूर्व विधायक के बेटे की हत्या पर अखिलेश यादव ने राज्य सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि लखनऊ जैसी जगह पर लोग सुरक्षित नहीं तो बाकी शहरों के बारे में क्या कहा जाये।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुजरात में कांग्रेस को मिली सफलता को पार्टी का अच्छा प्रदर्शन बताया है और कहा है कि गुजरात चुनाव में विपक्षी दलों ने भाजपा की चाल को समझा और आगे अभी और भी समझ लेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार भी बहुत कुछ सिखा देती है और यह सीखना 2019 में भाजपा का मुकाबला करने में काम आयेगा। गुजरात चुनाव से विपक्षी दलों का हौसला बढ़ा है कि 2019 में भाजपा को हराया जा सकता है।

2019 में हो सकता है महागठबंधन

अखिलेश यादव ने कहा है कि 2019 में हम चाहेंगे कि गठबंधन बने, लेकिन गठबंधन किन मुद्दों पर हो, यह सबसे ज्यादा जरूरी है। किन मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच में जाएंगे तो शायद आखिरी वक्त पर जो ध्यान हटाने की कोशिश होती है, उससे बच पाएंगे। अख‍िलेश यादव ने कहा कि मैं समझता हूं गठबंधन से पहले जनता के बीच मुद्दों की जरूरत है।

जहां तक समाजवादी पार्टी का सवाल है, हम अपने संगठन को मजबूत करने के बाद ही कोई फैसला लेंगे। अख‍िलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी है। ऐसे में कांग्रेस की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है और बीजेपी को टक्कर दी है। राहुल गांधी ने बहुत मेहनत की है और मेहनत के नंबर नहीं दिए जा सकते, लेकिन 2019 में बीजेपी को हम कड़ी चुनौती देंगे।

कांग्रेस की मेहनत का असर दिखा

गुजरात में भाजपा की जीत पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अख‍िलेश यादव ने कहा कि जनता ने जो फैसला दिया है, उसे हम स्वीकार करते हैं। यह ठीक है कि जनता ने भाजपा को मैनडेट दिया है। भाजपा जो दावा कर रही थी, उस दावे से वह काफी पीछे है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com