मध्यप्रदेश में भाजपा के हाथों में सत्ता बरकरार, BJP 20, कांग्रेस 7 सीटो पर आगे

मध्यप्रदेश में हुए 28 सीटों के उपचुनाव के नतीतों की तस्वीर पूरी तरह से साफ हो गई है। राज्य की सत्ता भारतीय जनता पार्टी के हाथों में बरकरार रहेगी। भाजपा 20, कांग्रेस 7 और एक सीट पर बहुजन समाज पार्टी अभी बढ़त बनाए हुए है।

फोन पर एक्सक्लूसिव बातचीत में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य की जनता ने एक बार फिर विकास और जनकल्याण के लिए संकल्पित भाजपा को मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय ले लिया है। यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। ये उपचुनाव विकास और विनाश के बीच था।

15 साल में भाजपा की सरकार जिस मध्यप्रदेश को विकास के रास्ते पर ले गई, उस प्रदेश को 15 माह में विनाश के रास्ते पर ले जाने काम कमलनाथ की कांग्रेस सरकार ने किया। कांग्रेस पार्टी ने अपने वचनपत्र में जो भी कहा उसे झुठला दिया गया। राज्य की जनता के साथ धोखा किया गया। जनप्रतिनिधियों का अपमान किया। वे जनप्रतिनिधि जो अपनी जनता से वादा करके आए थे कमलनाथ ने उनका कोई काम नहीं किया। वे सभी सत्य और न्याय के साथ खड़े हुए। लोकतंत्र में मतदाता सबसे बड़ी अदालत होता है और उस अदालत ने आज फैसला सुना दिया है।

कमलनाथ और कांग्रेस की हार के सवाल पर सीएम शिवराज ने कहा, जनता की उपेक्षा और अपनो का अनादर उनकी इस स्थिति के लिए जिम्मेदार है। ग्वालियर-चंबल संभाग में परिणाम कमजोर आने के सवाल का जवाब देते हुए सीएम चौहान ने कहा, पूरे परिणाम आने अभी बाकी हैं। केवल शिवराज सिंह चौहान ही नहीं पूरी पार्टी के एक एक कार्यकर्ता ने अपना पसीना बहाया। हमारे कार्यकर्ताओं पर 15 माह के भीतर जो अत्याचार हुए उनका बदला लेने के लिए कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से परिश्रम कर रहा था। उनकी मेहनत की वजह से ये जीत हासिल हो रही है।

कांग्रेस द्वारा ईवीएम में गड़बड़ी और चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए प्रदेश के सीएम चौहान ने कहा, ये कांग्रेस की हताशा और दोहरे चरित्र का प्रतीक है। जब कांग्रेस राज्य की सत्ता पर आई थी तब भी ईवीएम से ही चुनाव हुआ था और आज जब कांग्रेस पूरे मध्यप्रदेश से बेदखल हुई तो भी ईवीएम से चुनाव हो रहा है। वे चुनाव आयोग सहित सुप्रीम कोर्ट तक पर आरोप लगाते है। कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर कोई विश्वास नहीं है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में आने के बाद भाजपा में कई गुट हो गए है। भाजपा में गुटबाजी बढ़ेगी इस सवाल का जवाब देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, कांग्रेस के लिए इतना ही कहूंगा कि सावन के अंधे को हरा-हरा दिखता है। चूंकि कांग्रेस में चार-पांच कांग्रेस होती हैं। इसलिए वे समझ नहीं पा रहे है कि भाजपा में केवल एक ही पार्टी होती है और उस पार्टी के पीएम नरेंद्र मोदी जी से लेकर वार्ड के अध्यक्ष तक सभी कार्यकर्ता होते हैं।

उपचुनाव के आए इस परिणाम का श्रेय क्या शिवराज और सिंधिया की जोड़ी दिया जाएगा इस सवाल के जवाब में सीएम चौहान ने कहा कि उनके भाजपा में आने के बाद हमारी ताकत एक और एक ग्यारह हो गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com