बांका। बेटियां घर में भी सुरक्षित नहीं हैं। रविवार को बिहार के बांका जिले के बांका थाना क्षेत्र के एक गांव में पिता ही अपनी 12 वर्षीया बेटी से छेड़छाड़ कर रहा था। इसके बाद उसकी पत्नी ने ही पुलिस को सूचना देकर आरोपित पति को गिरफ्तार करवा दिया। आरोपित पर पड़ोस की एक लड़की पर भी शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार आरोपित पिता अक्सर अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ करता था। पत्नी या किसी के द्वारा विरोध करने पर आरोपित उसे पीटकर चुप भी करा देता था। रविवार को भी आरोपित ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ शुरू की।
पत्नी द्वारा विरोध करने पर उसने उसे पीटना शुरू कर दिया। आरोपित के पिता भी अपने बेटे की इस गिरी हुई हरकत से परेशान रहते थे। लड़की के दादा ने बताया कि रविवार को बगल की एक लड़की का हाथ पकड़कर उनका बेटा उसपर शादी के लिए दबाव बना रहा था। बात बढ़ जाने पर उन्होंने अपनी बहू के साथ मिलकर बेटे को सजा दिलवाने का मन बना लिया।
आरोपित की पत्नी ने बताया कि अपनी बेटी के साथ छेडख़ानी का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। इस मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि पत्नी के बयान पर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal