टूटा टिहरी झील के पैराग्लाइडिंग हब बनने का सपना

टिहरी: पर्यटन विभाग टिहरी की लापरवाही और अदूरदर्शिता के चलते टिहरी झील क्षेत्र के पैराग्लाइडिंग हब बनने का सपना टूटता प्रतीत हो रहा है। अक्टूबर 2016 में टिहरी साहसिक पर्यटन महोत्सव के दौरान पर्यटन विभाग और सरकार ने टिहरी झील के आसपास के क्षेत्र को पैराग्लाइडिंग हब के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। लेकिन, इसके बाद पर्यटन विभाग यहां पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण देना ही भूल गया। तब महोत्सव में आए पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञों ने टिहरी झील और आसपास के क्षेत्र को दुनिया की बेहतरीन पैराग्लाइडिंग साइट बताया था। उनका कहना था कि अगर यहां पर सरकार पैराग्लाइडिंग को प्रोत्साहित करे तो टिहरी झील देश का सबसे प्रमुख पैराग्लाइडिंग सेंटर बन सकती है।

टिहरी झील और प्रतापनगर की पहाड़ियां पैराग्लाइडिंग की दुनिया का एक अनूठा संगम है। वर्ष 2016 में हिमाचल प्रदेश सहित उत्तराखंड के पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ यहां पर्यटन महोत्सव में शामिल होने आए थे। तब उन्होंने यहां पर पैराग्लाइडिंग के लिए बेहतरीन माहौल होने की बात कही थी। 

इसके बाद पर्यटन विभाग ने भी यहां पैराग्लाइडिंग हब विकसित करने को योजना बनाने का दावा किया था। लेकिन मामला दावे से आगे नहीं बढ़ा और बीते दो सालों में पर्यटन विभाग यहां पर एक अदद पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित नहीं कराया। जबकि, बीते माह बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के जवान यहां पांच दिन तक पैराग्लाइडिंग कर चुके हैं। बावजूद इसके पर्यटन विभाग यहां पैराग्लाइडिंग को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा।

बन सकता है एसआइवी कोर्स सेंटर 

पैराग्लाइडिंग में एसआइवी (सिमुलेशन इंसिडेंट इन वॉल) कोर्स सबसे अहम माना जाता है। एसआइवी का हिंदी में अर्थ है, उड़ान भरने के दौरान किसी दुर्घटना या परेशानी में फंसने पर बचने का प्रशिक्षण। देश में फिलहाल हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर और पांग डैम में ही एसआइवी का प्रशिक्षण दिया जाता है। जबकि, नेपाल के पोखरा में एशिया का सबसे बड़ा एसआइवी सेंटर है। वहीं, टिहरी में 42 वर्ग किमी की विशालकाय झील और प्रतापनगर की पहाडिय़ां होने से यहां पर एसआइवी के लिए बेहतरीन माहौल है। अगर इसे शुरू किया जाता तो टिहरी झील दुनियाभर में इसके लिए प्रसिद्ध होती।

एसआइवी की प्रमुख बातें 

-जल्द उतरने का प्रशिक्षण।

-पैराशूट बंद होने पर दूसरे पैराशूट का प्रयोग।
-तबीयत खराब होने पर सुरक्षित लैंडिंग।
-हवा में फंसने पर सुरक्षित बाहर आना।
-सुरक्षित स्थान पर लैंडिंग।
जिला पर्यटन अधिकारी (टिहरी गढ़वाल) सोबत सिंह राणा का कहना है कि शासन स्तर पर पैराग्लाइडिंग को लेकर नियमावली नहीं बनी है। यही वजह है कि यहां पर आज तक पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण शिविर आयोजित नहीं किया जा सका।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com