झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर यूपीए गठबंधन का रुख स्पष्ट होने के बाद ही भाजपा अपने पत्ते खोलेगी। यही वजह रही कि शुक्रवार को संभावित भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक को शनिवार तक के लिए टाल दिया गया है। महागठबंधन की ओर से कुछ ही घंटों पर सीटों के तालमेल की घोषणा की जाएगी।

भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति शनिवार शाम साढ़े छह बजे होने की बात कही जा रही है। इसके तत्काल बाद पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक होगी। देर शाम प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी की जा सकती है। हालांकि, भाजपा की ओर से रांची व दिल्ली में किए गए होमवर्क का कार्य लगभग पूरा हो गया है। फाइनल सूची पर अमित शाह की सहमति की औपचारिकता पूरी कर ली गई है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस सूची पर अंतिम मुहर लगेगी।
आजसू का पेंच अब तक नहीं सुलझा
भाजपा और आजसू गठबंधन को लेकर पेंच अब तक नहीं सुलझा है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के स्तर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि वह सीटों के बंटवारे को लेकर आजसू के साथ मोलभाव नहीं किया जाएगा। पिछली बार आठ सीटें दी गई थी, इस बार दो-तीन सीटें बढ़ाई जा सकती है। बता दें कि राजग सहयोगी आजसू की ओर से इसबार डेढ़ दर्जन से ज्यादा सीटों की मांग की गई थी, अब आजसू गिरकर 15 पर आया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal