भुवनेश्वर: ओडिशा के कंधमाल जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. जिले की रहने वाली महिला ने ऐसा कदम उठाया, जिसके बारे में एक माँ कभी सपने में भी नहीं सोच सकती. कंधमाल में एक महिला ने अपने दो बच्चों को पति के साथ हुए विवाद के बाद कुएं में धक्का दे दिया. दोनों बच्चों में बेटी की आयु 9 वर्ष जबकि, बेटे की आयु 5 साल थी. कुएं में डूबने के चलते दोनों बच्चों की मौत हो गई.

पुलिस के अनुसार, महिला ने पति के साथ झगड़ा होने के बाद इस घटना को अंजाम दिया. कंधमाल जिले के रायकिया ब्लॉक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ईसाई साही की निवासी भाग्यलक्ष्मी पात्रा अपने पति एम राजेश पात्रा के साथ झगड़ा होने के बाद शुक्रवार दोपहर अपने दो बच्चों के साथ घर से निकल गई. रायकिया पुलिस स्टेशन के निरीक्षक श्रीकांत खमारी ने बताया कि महिला ने अपने दोनों बच्चों को कुएं में धक्का दे दिया, जिसके कारण दोनों बच्चों की मौत हो गई. हालांकि महिला स्वयं कुएं में नहीं कूदी, उसके पति और गांव वालों ने महिला को कुएं के पास शनिवार सुबह रोते हुए देखा. कड़ी मेहनत के बाद दमकल कर्मियों की सहायता से कुएं से दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए.
महिला को अस्पताल में एडमिट करा दिया गया है, हालांकि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने कहा कि उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी. वहीं दूसरी तरफ महिला के भाई ने पति पर विवाहेत्तर संबंधों रखने का आरोप लगाया है.
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal