नई दिल्ली : कश्मीर में जैसे-जैसे लश्कर के आतंकियों का खात्मा होता जा रहा है, नए-नए नाम भी उभरकर सामने आ रहे हैं। हाल ही में सेना ने दक्षिण कश्मीर में लश्कर के कमांडर अबू इस्माइल को ढेर कर दिया।
इस्माइल ने इसी साल 10 जुलाई को अमरनाथ हमले को अंजाम दिया था। उसके खात्मे के बाद इस आतंंकी संगठन ने जीनत-अल-इस्लाम उर्फ अल्कामा को नया कमांडर चुना है।
जीनत मूलरूप से कश्मीर के सोपियां का रहने वाला है। उसने स्थानीय कॉलेज से आर्ट्स में बैचलर डिग्री हासिल की है। उसके पिता स्थानीय मस्जिद में मौलवी हैं।आतंकी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण 2008 में उसे गिरफ्तार किया गया था। कुछ साल जेल में रहने के बाद 2011 में रिहा कर दिया गया था।
रिहाई के बाद कुछ साल तक उसने अपने पिता के साथ काम किया। फिर निकाह कर लिया। बाद में लश्कर में शामिल हो गया। जीनत 2015 में आतंकवाद की दुनिया में आया था। उसे इम्प्रोवाइस्ड एक्सप्लोजिव डिवाइसेस (आईईडी) का एक्सपर्ट माना जाता है।
शुरू में वह कई आतंकी संगठनों के संपर्क में रहा और उसका मुख्य काम दहशतगर्दों के लिए रसद का इंतजाम करना था। जल्द ही उसे लश्कर का डिस्ट्रिक्ट कमांडर बना दिया गया। आज वह A++ कैटेगरी का खूंखार आतंकी है।
23 फरवरी 2017 को सोपियां में सेना के काफिले पर हमला हुआ था। उसमें भी जीनत का हाथ बताया गया था। उस हमले में तीन जवान शहीद हुए थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal