अल्मोड़ा: जैंती के गणाऊं गांव में एक गुलदार एक ग्रामीण की गौशाला में घुस गया। इस दौरान गांव में अफरा तफरी मच गई। तभी ग्रामीण महिला ने हिम्मत का परिचय देते हुए गुलदार को गोशाला में ही कैद कर लिया। 
सुबह गणाऊं निवासी पुष्पा देवी पत्नी केशव दत्त की गोशाला में एक गुलदार घुस गया। इस दौरान मवेशी जोर-जोर से रंभाने लगे। जब पुष्पा देवी को इसका पता चला तो उसने साहस का परिचय दिया और गोशाला का दरवाजा बंद कर दिया।
आनन फानन ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। वन विभाग की लमगड़ा रेंज के पास पिंजरा न होने के कारण काफी देर तक गुलदार को कैद नहीं किया जा सका। बाद में देवीधुरा रेंज के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। लगभग दस घंटे की मशक्कत के बाद जैसे तैसे गुलदार को पिंजरे में कैद किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal