उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या दौरे पर रहेंगे। सीएम योगी रामनगरी में आज से शुरू हो रहे चार दिवसीय रामायण मेला का उद्घाटन करेंगे। यह मेला 5 से 8 दिसंबर तक सरयू तट स्थित रामकथा पार्क में आयोजित होगा, जहां गीत-संगीत और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
सीएम का कार्यक्रम
सीएम योगी आदित्यनाथ आज सुबह 10:55 बजे रामकथा पार्क के पास स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। 11 बजे वे रामायण मेला का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे करीब दो घंटे तक अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान वे हनुमानगढ़ी और रामलला के दरबार में भी दर्शन करेंगे। सीएम के राममंदिर निर्माण की प्रगति देखने और जानकी महल ट्रस्ट में चल रहे विवाहोत्सव में शामिल होने की संभावना भी है। दोपहर 12 बजे सीएम हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे और फिर 12:20 बजे रामलला के दरबार में हाजिरी देंगे। इसके बाद वे राममंदिर के निर्माण कार्य का जायजा लेंगे। दोपहर 12:45 बजे सीएम महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचेंगे और मुंबई के लिए रवाना होंगे।
रामायण मेला का महत्व
रामायण मेला, जो 1982 में शुरू हुआ था, हर साल अयोध्या में आयोजित होता है। इसकी शुरुआत प्रख्यात समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की परिकल्पना से हुई थी। पहले चित्रकूट और फिर अयोध्या में इस मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्घाटन उस समय के मुख्यमंत्री श्रीपति मिश्र ने किया था, और तब से संस्कृति विभाग द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है।
कार्यक्रमों का विवरण
रामायण मेला में धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। इस साल भी चार दिन तक रामकथा, प्रवचन, भजन, रामलीला, लोक गायन, नृत्य नाटिका और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। संस्कृति विभाग के तहत विभिन्न जिलों से 20 से अधिक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। रामायण मेला समिति के संयोजक आशीष मिश्र ने बताया कि इस बार भी रामायण मेला में भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
रामायण मेला कार्यक्रम का विवरण (5 से 8 दिसंबर)
5 दिसंबर- रामलीला: हरे रामदास, अयोध्या (श्री जानकी आदर्श रामलील मंडल), पखावज वादन: विजय रामदास, अयोध्या, राम लाल नेहछू गायन: शांभवी शुक्ला, प्रयागराज, भजन गायन: विजय अग्निहोत्री, लखनऊ।
6 दिसंबर- रामलीला: हरे रामदास, अयोध्या (श्री जानकी आदर्श रामलील मंडल), अवध लोक गायन: संजोली पांडेय, अयोध्या, अवध लोक गायन और नृत्य नाटिका: क्षमा वर्मा, अयोध्या।
7 दिसंबर- भजन गायन: वीरेंद्र सिंघल, झांसी, रामलीला: मनीष दास, अयोध्या (अवध आदर्श रामलीला मंडल), पखावज वादन: राजीव रंजन पांडेय अयोध्या, लोक गायन: जान्हवी पांडेय अंबेडकरनगर, भजन/लोक गायन: यामिनी पांडेय लखनऊ।
8 दिसंबर- रामलीला: मनीष दास, अयोध्या (अवध आदर्श रामलीला मंडल), भजन एवं लोक गायन: कल्पना एस वर्मन (अयोध्या), जादू: श्री राजेश श्रीवास्तव (अमेठी), नृत्य नाटिका: संगीता आहूजा (अयोध्या), भजन गायन: मगन मिश्रा (लखनऊ)।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal