उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष आगरा पहुंची। यहां उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता होगी।
ताजनगरी आगरा में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान पहुंची। यहां उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य महिला आयोग महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर है। किसी भी महिला के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
आयोग की अध्यक्ष बनने के बाद बुधवार को वह आगरा आईं थीं। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों में भाजपा सरकार त्वरित कार्रवाई में भरोसा रखती हैं। यह अहम जिम्मेदारी सरकार ने मुझे दी है, मैं उसका पूरी ईमानदारी से पालन करूंगी।
उन्होंने कहा कि वह अपनी टीम के साथ महिला सशक्तिकरण पर काम करेंगी। महिला आयोग अध्यक्ष के रूप में उनकी प्राथमिकता महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, तभी तो सुरक्षा के साथ अलावा महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य की तमाम योजनाएं सरकार संचालित कर रही है।
उनकी कोशिश होगी कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए अवसर प्रदान किए जाएं जिससे प्रदेश की महिलाएं वास्तव में सशक्त हो सकें। उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ मिलकर आगामी योजना पर चर्चा करेंगी, जिससे महिला हित में ठोस कदम उठाए जा सकें। इसके बाद पूरे प्रदेश में महिला उत्पीड़न एवं घरेलू हिंसा के मामलों की रोकथाम के लिए जिलों में भ्रमण कर प्रभावी योजना बनाएंगी।
उन्होंने महिला आरक्षण बिल पर कहा कि इससे आने वाले समय में महिलाओं को सुनिश्चित भागेदारी मिलेगी। बहुत से ऐसे क्षेत्र हैं जहां महिलाएं पुरुषों से अच्छा काम कर रही हैं। बबीता चौहान भारतीय जनता पार्टी कार्यकारिणी सदस्य भी हैं। वर्तमान में भाजपा की महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ-साथ आगरा से जिला पंचायत सदस्य के पद पर कार्य कर रही हैं। साल 2013 से सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय हैं। उन्हें समाज सेवा के लिए फ्रांस की यूनिवर्सिटी से मानद उपाधि मिल चुकी है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal