Mohammed Rafi के इस गाने को शम्मी कपूर ने फिल्माने से कर दिया मना, मचा था हड़कंप

हिंदी सिनेमा के दिग्गज सिंगर मोहम्मद रफी ने जितने भी गाने गाए हैं, लगभग आज के दौर में वे सभी के सभी कल्ट हो चुके हैं। एक तरफ जहां 60-70 के दौर में हर निर्देशक-निर्माता की यह चाहत थी कि मोहम्मद रफी की आवाज में गाया एक गाना तो उनकी फिल्म में जरूर हो, तो वहीं अभिनेता शम्मी कपूर ने अपनी 58 साल पहले आई फिल्म में दिग्गज सिंगर का गाना लेने से साफ इनकार कर दिया था।

हालांकि, शम्मी कपूर, मोहम्मद रफी का गाना फिल्म में नहीं लेना चाहते थे, उसकी वजह आपसी लड़ाई बिल्कुल नहीं थी, बल्कि एक्टर के साथ कुछ ऐसा हुआ था, जिसकी वजह से वह घबरा रहे थे। क्या थी वजह, नीचे पढ़ें डिटेल्स:

रफी साहब के ऑइकॉनिक गाने को किया था मना
‘इंडियन आइडल’ के सेट पर आए गीतकार मनोज मुंतशिर ने दिग्गज सिंगर आशा भोसले को ट्रिब्यूट देते हुए एक स्पेशल सेगमेंट को होस्ट किया, जो आने वाले दिनों में ऑनएयर होगा। इस एपिसोड के दौरान ही उन्होंने शम्मी कपूर की साल 1968 में रिलीज हुई फिल्म ‘ब्रह्मचारी’ से जुड़ा यह किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में शम्मी कपूर ‘दिल के झरोखे में’ गाने को अपनी फिल्म में डालने से बहुत ज्यादा हिचकिचा रहे थे। मनोज मुंतशिर ने कहा,

“मोहम्मद रफी की आवाज में गाया गया यह गाना जब शम्मी जी को सुनाया गया तो उन्होंने इस गाने का पिक्चराइजेशन करने से मना कर दिया था। ब्रह्मचारी फिल्म के प्रोड्यूसर रमेश सिप्पी जी थे और सेट पर सब जगह हड़कंप मच गया था कि शम्मी जी ने गाने के लिए मना कर दिया, सभी को ये लगा था कि शायद उन्हें गाना पसंद नहीं आया है।”

किस बात से डर रहे थे शम्मी कपूर?
मनोज मुंतशिर ने किस्सा सुनाते हुए आगे कहा, “इस गाने को रिफ्यूज करने की वजह कुछ और थी। शम्मी जी ने कहा था कि फिल्म की सिचुएशन में उन्हें रोना नहीं था, लेकिन शंकर-जयकिशन ने इतना इमोशनल गाना बना दिया था कि उन्हें डर था कि वो इस गाने को सुनकर कहीं पिक्चराइज करते हुए रो न दें। उन्होंने सबसे कहा, मुझे अपना पता है, प्लीज ये गाना बदल दो।”

गीतकार ने ये भी बताया कि ‘दिल के झरोखे में’ गाने को लेकर शम्मी जी ने खुद एक इंटरव्यू में यह बताया था कि गाने को शूट करते वक्त उनके लिए अपने आंसू रोक पाना बहुत ही मुश्किल हो रहा था। उस एहसास को सिर्फ वही समझ पा रहे थे। यह गाना एक रोमांटिक सैड सॉन्ग था, जिसकी वजह से अभिनेता घबरा रहे थे।

58 साल पहले सुपरहिट हुआ था यह गाना
आपको बता दें कि 1968 में फिल्म ‘ब्रह्मचारी’ में फिल्माया गया यह गाना अपने दौर में सुपरहिट हुआ था। मूवी में शम्मी कपूर के साथ राजश्री, प्राण, मुमताज, जगदीप, सचिन और असित सेन अहम भूमिका में थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com