बरेली में आईटी और तकनीकी क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुल गए हैं। सीबीगंज में 18.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) केंद्र का बृहस्पतिवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर की तर्ज पर बरेली भी आईटी हब के रूप में उभरेगा। यह केंद्र युवाओं के भविष्य को संवारने के साथ क्षेत्र में डिजिटल इको सिस्टम को मजबूती देगा।
करीब 22 हजार वर्गफुट में विकसित इस अत्याधुनिक आईटी पार्क में स्टार्टअप और आईटी कंपनियों को काम करने के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। केंद्र में प्लग एंड प्ले सीटों के अलावा 10 हजार वर्गफुट का रॉ इन्क्यूबेशन स्पेस, ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस रूम और मीटिंग रूम बनाए गए हैं। इससे आईटी क्षेत्र में काम शुरू करने वाले युवाओं और उद्यमियों को शुरुआती स्तर पर आधारभूत ढांचे के लिए अधिक निवेश नहीं करना पड़ेगा। वे यहां उपलब्ध सुविधाओं का इस्तेमाल कर अपने काम को आगे बढ़ा सकेंगे।
उद्घाटन के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री ने परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी ली। सीएससी के स्टॉल पर ग्रामीण क्षेत्रों तक डिजिटल सेवाओं के नेटवर्क के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से जन्मतिथि संबंधी कार्य, बिजली बिल भुगतान, बैंकिंग और आधार से जुड़ी समस्याओं के समाधान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आधार संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश भी दिए।
सेमीकंडक्टर में आत्मनिर्भर बन रहा भारत
कार्यक्रम में जितिन प्रसाद ने कहा कि कोविड के दौरान दूसरे देशों से सेमीकंडक्टर चिप की आपूर्ति प्रभावित होने से भारत में वाहन निर्माण तक प्रभावित हुआ था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में भारत में ही चिप का निर्माण होगा। मोबाइल, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन से लेकर तमाम इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में इनका इस्तेमाल होता है। ऐसे में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लखनऊ में एआई सिटी विकसित करने की पहल हुई है। नोएडा में स्मार्टफोन का निर्माण हो रहा है और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के लिए एचसीएल के साथ काम चल रहा है। बरेली में एसटीपीआई केंद्र की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठाकर युवा तकनीकी क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकेंगे। उन्होंने एसटीपीआई के अधिकारियों और पूरी टीम को केंद्र की स्थापना के लिए बधाई दी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal