गुलवीर सिंह बोले सरकार नहीं तो मैं गांव में बनवाऊंगा स्टेडियम, एमएलसी ने उसे खारिज कराने की दी धमकी

कॉमनवेल्थ में पदक विजेता अलीगढ़ में गांव सिरसा के धावक गुलवीर सिंह के नाम पर उनके गांव में स्टेडियम की मांग पर रार शुरू हो गई है। शुक्रवार को गुलवीर के परिवार ने विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चौ.ऋषिपाल सिंह पर यह आरोप लगाकर विरोध किया कि गुलवीर अपने गांव में स्टेडियम बनवाना चाहता है। एमएलसी ने उसे खारिज कराने की धमकी दे दी है।

हालांकि एमएलसी ने इस तरह के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। साफ कहा है कि वे हर स्तर पर गुलवीर के साथ हैं, वो जो कहेंगे वैसा किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले एशियन गेम्स में पदक जीतने के बाद गुलवीर सिंह ने शासन से अपने पैतृक गांव सिरसा में युवाओं के लिए स्टेडियम बनवाने की मांग की थी। 

हाल ही में प्रदेश सरकार ने अतरौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिधीपुर में करीब पांच एकड़ भूमि पर आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम की स्वीकृति दी है। जिसे गुलवीर सिंह के नाम पर बनवाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलवीर का पैतृक गांव सिरसा है, जबकि प्रस्तावित स्टेडियम का स्थान वहां से करीब 5 किलोमीटर दूर है। इसी के विरोध में शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने उड़िया बाबा मंदिर पर प्रदर्शन किया। 

गुलवीर सिंह के पिता पप्पू सिंह और भाई मोनू चौधरी ने बताया कि स्टेडियम के संबंध में चर्चा के लिए एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से गुलवीर सिंह से बात की। आरोप है कि एमएलसी ने स्टेडियम पालीमुकीमपुर में बनाए जाने की बात कही। इस पर गुलवीर सिंह ने कहा कि स्टेडियम कहीं भी बनाया जाए, लेकिन यदि वह उनके नाम पर बन रहा है तो उनके गांव सिरसा में ही बनाया जाए। उनका कहना था कि उनकी पहचान उनके गांव से है और दूसरे स्थान पर स्टेडियम बनने से गांव के युवाओं को करीब 5 किलोमीटर दूर अभ्यास के लिए जाना पड़ेगा। गुलवीर सिंह ने कहा कि यदि गांव में स्टेडियम नहीं बनता है तो वह मुख्यमंत्री से मिलकर अपना प्रस्ताव रखेंगे। आरोप है कि इस पर एमएलसी ने उनके प्रस्ताव को खारिज कराने की धमकी दी।

यह बोले गांव वाले

गुलवीर सिंह जनपद के हर युवा की शान और प्रेरणास्रोत हैं। उनके नाम पर स्टेडियम पालीमुकीमपुर में बनाना उचित नहीं है।– फोटू चौधरी।
वीडियो कॉल पर एमएलसी से मेरी ही बात कराई गई थी। बातचीत के दौरान एमएलसी ने गुलवीर सिंह को धमकाया और गांव में स्टेडियम नहीं बनने देने की बात कही। – आकाश चौधरी (गुलवीर के मित्र)
गुलवीर ने देश के साथ-साथ गांव का भी नाम रोशन किया है। उसने ग्रामीणों से गांव में स्टेडियम बनवाने का वादा किया था, लेकिन राजनीतिक कारणों से स्टेडियम गांव से 15 किलोमीटर दूर स्वीकृत करा दिया गया।– नेम सिंह चौधरी ग्रामीण।

सरकार नहीं बनाएगी तो खुद बनवाऊंगा स्टेडियम : गुलवीर
परिजनों ने बताया कि उनकी गुलवीर से सुबह बात हुई। उसने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर स्टेडियम का स्थान बदलने की मांग करेंगे। यदि इसके बाद भी उनके गांव में स्टेडियम नहीं बनता है तो वह स्वयं जमीन खरीदकर वहां स्टेडियम बनवाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने गांव के युवाओं से स्टेडियम बनवाने का वादा किया है और उसे हर हाल में पूरा करेंगे, ताकि युवाओं को अभ्यास के लिए दूसरे स्थान पर न जाना पड़े।

आरोप निराधार, मैं गुलवीर के साथ हूं : ऋषिपाल
एमएलसी चौ.ऋषिपाल सिंह ने बताया कि गुलवीर सिंह से सौहार्दपूर्ण माहौल में बात हुई है। कॉमनवेल्थ गेम्स में दो पदक जीतने पर गुलवीर सिंह को बधाई दी है। जिस पर गुलवीर सिंह ने आभार जताया। यह भी बात हुई कि आपके द्वारा गांव में सड़क, द्वार व बिजली की व्यवस्था की गई है। उसी तरह स्टेडियम की व्यवस्था की जाए। इस पर पालीमुकीमपुर में बनने जा रहे स्टेडियम पर चर्चा हुई। गुलवीर ने कहा कि उनके गांव में स्टेडियम बना दिया जाए। इस पर मैंने कहा कि पालीमुकीमपुर में स्टेडियम बनने का पहले से प्रस्ताव था। 

इस पर गुलवीर सिंह ने कहा कि फिर से मुख्यमंत्री से मिला जाएगा। इस पर सहमति दी गई और कहा कि दोनों मिलकर प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री से मिलकर अब उनके गांव में नया स्टेडियम बनाने का नया प्रयास किया जाएगा। साथ में यह भी वायदा है कि अगर शासन या खुद ग्राम पंचायत के स्तर से जमीन सिरसा गांव में दी जाती है तो वहां हम अपनी निधि से 2027 में एक करोड़ रुपये देकर स्टेडियम बनवाएंगे। सभी आरोप गलत हैं। किसी ने गांव के लोगों व परिजनों को बरगलाया है। हम हर कदम पर गुलवीर सिंह के साथ हैं, वो जो कहेंगे, वही किया जाएगा।

परिवार प्रधानी लड़ेगा तो हम साथ देंगे : बोधपाल
एमएलसी करीबी गांव सिरसा के पूर्व प्रधान बोधपाल सिंह ने कहा है कि जिस तरह गुलवीर सिंह के पिता व परिजनों ने प्रधानी लड़ने की बात कही है। अगर इस बार वे प्रधानी लड़ते हैं तो हमारा परिवार प्रधानी से पीछे हट जाएगा और गुलवीर के परिवार को प्रधानी लड़वाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com