गर्मी की छुट्टियों से ठीक एक दिन पहले गुरुवार को गोवा में सेंट एंथनी हाई स्कूल में ट्रेनिंग के दौरान सिर पर हॉकी बॉल लगने से 13 साल की नौवीं क्लास की छात्रा रुईशा खारसेल की मौत हो गई।
वह उन कई छात्रों में से एक थी जो अगले एकेडमिक साल की प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे थे। स्कूल के प्रिंसिपल फादर मिलचेस्टर फर्टाडो ने कहा, “वे किसी भी आम दिन की तरह ही प्रैक्टिस कर रहे थे। यह हादसा स्कूल के समय के दौरान हुआ।”
भाई से प्रेरित होकर हॉकी खेलना शुरू किया
रुईशा ने दो साल पहले अपने भाई सूरज से प्रेरित होकर हॉकी खेलना शुरू किया था। सूरज ने पिछले महीने बिहार में हुई सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोवा की कप्तानी की थी। ट्रेनिंग के दौरान रुईशा के गेंद लगने के बाद जमीन पर गिर पड़ी।
सूरज ने कहा, “वह हमेशा मेरी हॉकी स्टिक इस्तेमाल करती थी। जब मेरी मां काम पर थीं, तभी उन्हें एक फोन आया। मुझे उसकी मौत के बारे में तब पता चला, जब वह घर पहुंचीं। मैं सुन्न हो गया था। मुझे लगता है कि सेशन खत्म होने में बस 10 मिनट ही बचे थे। मुझे नहीं पता कि गेंद उसे कैसे लगी और मुझे यह भी पक्का नहीं पता कि जब वह गिरी तो क्या वह होश में थी।”
पुलिस कर रही मामले की जांच
एम्बुलेंस के आने में देरी होने के कारण उसे एक निजी गाड़ी से तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट शुक्रवार को आने की उम्मीद है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal