मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र का दौरा करेंगे। वह नूरानपुर स्थित श्री शंकर मंदिर में दर्शन-पूजन करने के साथ श्रीराम कथा महोत्सव में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन सोमवार को तैयारियों में जुटा रहा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कमिश्नर और डीआईजी बरेली ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए आसपास के कई जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री करीब डेढ़ घंटे जिले में रहेंगे। वह सुबह करीब 11 बजे लखनऊ से राजकीय हेलीकॉप्टर से पीलीभीत के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12:05 बजे उनका हेलीकॉप्टर नूरानपुर स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से कार द्वारा श्री शंकर मंदिर पहुंचेंगे।
दोपहर 12:10 से 12:20 बजे तक मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद कथा मंडप में पहुंचकर 12:30 से 1:30 बजे तक आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव में शामिल होंगे। दोपहर 1:30 बजे कार्यक्रम स्थल से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। 1:35 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंडल और जिला स्तर के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा के साथ एनएसजी का सुरक्षा घेरा भी रहेगा। छह एनएसजी कमांडो और अधिकारियों सहित 20 सुरक्षाकर्मी एक दिन पहले पहुंच जाएंगे।
इसके अलावा कई जिलों से पुलिस अधिकारियों और जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी। डीएम आलोक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हेलीपैड से मंदिर और कथा स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal