कुछ फिल्में हिट होते हुए भी विवादों में घिर जाती हैं। 20 साल पहले ऐसा ही हुआ था। शाह रुख खान (Shah Rukh Khan) की एक फिल्म आई, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट रही लेकिन खूब ट्रोल हुई। फिल्म की कहानी पर लोगों ने सवाल उठाए थे।
अब 20 साल बाद शाह रुख खान की इसी फिल्म पर वेब सीरीज बन रही है जिसे और कोई नहीं, बल्कि करण जौहर (Karan Johar) ला रहे हैं। वेब सीरीज के बढ़ते चलन के बीच करण अब अपनी फिल्म को ही सीरीज फॉर्म में बनाएंगे और उसे ओटीटी पर उतारेंगे।
20 साल पुरानी फिल्म पर बनेगी सीरीज
करण जौहर अपनी निर्देशित फिल्म पर ही सीरीज लाने की तैयारी में हैं जिसका खुलासा उन्होंने एक हालिया इंटरव्यू में किया है। यह फिल्म है ‘कभी अलविदा ना कहना’ (Kabhi Alvida Naa Kehna)। 2006 में रिलीज हुई फिल्म में शाह रुख, रानी मुखर्जी, प्रीति जिंटा, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और किरण खेर मुख्य भूमिकाओं में थे।
‘कभी अलविदा ना कहना’ की स्क्रिप्ट पर हो रहा काम
एक हालिया इंटरव्यू में जब करण जौहर से पूछा गया कि क्या वह अपनी किसी फिल्म पर वेब सीरीज बनाने के बारे में सोच सकते हैं? इस सवाल के जवाब में करण ने कहा, “हम बना रहे हैं, कभी अलविदा ना कहना फिल्म पर। हम इस फिल्म की कहानी को लंबे प्रारूप की वेब सीरीज के तौर पर ढाल रहे हैं।”
क्यों फिल्म को लेकर हुआ था विवाद?
‘कभी अलविदा ना कहना’ की कहानी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के इर्द-गिर्द घूमती है। एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को फिल्म में ग्लोरीफाई करने को लेकर खूब आलोचना हुई। करण जौहर ने कहा, “साल 2006 में जब यह फिल्म प्रदर्शित हुई थी, तो एकतरफा प्रतिक्रिया मिली थी। कई लोगों ने आकर मुझसे पूछा था कि मैं ठीक हूं या नहीं। कई लोगों ने यह भी कहा कि आप बेवफाई का महिमा मंडन कैसे कर सकते हैं? मैंने उनसे कहा कि मैं उस चीज का महिमा मंडन कैसे कर सकता हूं, जो पहले से ही समाज में हो रही है।”
किस ओटीटी पर आएगी ‘कभी अलविदा ना कहना’ पर सीरीज?
करण ने बताया कि फिल्म पर बन रही सीरीज किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आएगी, इस बारे में वह नहीं बता सकते हैं लेकिन जल्द ही घोषणा की जाएगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि करण इस वेब सीरीज में किन सितारों को मौका देते हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal