महाराष्ट्र के भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका चुनाव के नतीजे आने के बाद रविवार को बड़ा बवाल हो गया। भाजपा विधायक महेश चोघुले और कोनार्क विकास अघाड़ी (KVA) के नेता और पूर्व महापौर विलास पाटिल के समर्थकों के बीच चतपति शिवाजी महाराज चौक के पास जोरदार झड़प हुई। इसमें पथराव भी हुआ, जिससे इलाके में तनाव पसर गया। थाने सिटी पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है।
दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश
यह झड़प चुनावी हार-जीत की वजह से भड़की है। KVA के नेता विलास पाटिल का परिवार भिवंडी की स्थानीय राजनीति में लंबे समय से मजबूत पकड़ रखता है। इस बार भी उनके परिवार ने खासकर वॉर्ड नंबर 1 में बड़ी जीत दर्ज की, जहां विलास पाटिल के बेटे एडवोकेट मयूरेश पाटिल ने भाजपा विधायक महेश चोघुले के बेटे मीट चोघुले को हराया है। यह जीत काफी करीबी रही है।
पुलिस ने क्या कहा?
ठाणे के डीसीपी जोन-2 शशिकांत बोराटे ने कहा, “दो नेताओं के समर्थकों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर कर दिया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”
भाजपा विधायक महेश चोघुले ने कहा, “चुनाव खत्म हो चुके हैं। कल भी उन्होंने कुछ गरीब बच्चों पर हमला किया था। आज शाम करीब 5 बजे दो बच्चों को पीटा गया, फिर मेरे दफ्तर पर पथराव हुआ। पुलिस और मेरे समर्थकों पर भी हमला किया गया। मैं पुलिस का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने पूरे हालात को संभाला। विलास पाटिल चाहते हैं कि उनका इलाका कोई छुए नहीं। हम पुलिस स्टेशन पहुंचे हैं और देखेंगे कि पुलिस क्या कार्रवाई करती है।”
चुनावी नतीजों में बदला समीकरण
भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका में कुल 90 सीटें हैं। चुनाव परिणामों के अनुसार कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जिसने 30 सीटें जीतीं। भाजपा को 22 सीटें मिलीं, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) और NCP (शरद पवार गुट) को 12-12 सीटें हासिल हुईं। KVA ने 4 सीटें जीतीं हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal