मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस और प्रशासन के अफसरों से कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो। सत्यापन इस तरह से किया जाए कि कोई भी घुसपैठिया बचने न पाए। महिला अपराध और समाज का माहौल बिगाड़ने वालों को लेकर पुलिस-प्रशासन की सख्ती बरकरार रहे। अच्छी कानून-व्यवस्था ही विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के सहयोग और सुझाव को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यकर्ताओं का फीडबैक मूल्यवान होता है। निरंतर संवाद से बेहतर समन्वय स्थापित होता है। इससे किसी भी अभियान का प्रभाव और बढ़ता है। सीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का धरातल से जुड़ा अनुभव मतदाता पुनरीक्षण अभियान जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सुचारु बनाने में अहम भूमिका निभाता है। जनता के बीच निरंतर उपस्थिति और सक्रियता ही लोकतांत्रिक मूल्यों की वास्तविक शक्ति है।
विकास कार्यों की जानकारी ली
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि विकास कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता पर विशेष ध्यान दें। कहां क्या जरूरी है, इसके बारे में अफसरों को बताएं। जनप्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारियों और अफसरों के बीच अच्छा समन्वय रहे। इसका सकारात्मक लाभ विकास, सुशासन और प्रगति के तौर पर जनता को मिलता है। रामायण वाटिका सहित अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी ली।
रैन बसेरों की व्यवस्था पर जरूर दें ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि ठंड का असर बढ़ रहा है। जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में रैन बसेरों की व्यवस्था पर जरूर ध्यान दें। औचक निरीक्षण कर व्यवस्था को देखें। कोई भी खुले आसमान के नीचे न सोने पाए और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जरूर जले। बैठक के बाद सर्किट हाउस से मुख्यमंत्री महापौर उमेश गौतम के घर पहुंचे। उनके पुत्र और पुत्रवधू को विवाह की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद आईवीआरआई मैदान पर आयोजित झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र अपूर्व के विवाह समारोह में शामिल हुए। इसके बाद वह राजकीय वायुयान से लखनऊ लौट गए।
नवदंपती को मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद दिया
सर्किट हाउस से मुख्यमंत्री मेयर डॉ. उमेश गौतम के पहुंचे। मेयर के पुत्र पार्थ और बहू जान्हवी को मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री आईवीआरआई ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र अपूर्व और बहू संजना को आशीर्वाद दिया। इसके बाद वह लखनऊ लौट गए।
भाजपा के नेताओं के वाहन रोके तो हुई किचकिच
सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री की बैठक चल रही थी। इसे लेकर सर्किट हाउस के गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भाजपा नेताओं के वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। इस पर भाजपा नेता भड़क गए। नेताओं ने कहा कि यह उचित नहीं है। इसके बाद वाहन अंदर तो गए, लेकिन नेताओं के नीचे उतरते ही तत्काल सर्किट हाउस परिसर से बाहर भी आ गए।
सीएम से मिलने के लिए अड़े थे, पुलिस ने हटाया
सर्किट हाउस के बाहर एक अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक महिला परिजनों के साथ मुख्यमंत्री से मिलने गई थी। महिला ने आरोप लगाया कि गलत इलाज के कारण उनके पति की मौत हो गई। पोस्टमार्टम भी नहीं होने दिया गया। महिला ने सीएम योगी से मिलने की जिद की। पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देते हुए सभी को मौके से हटा दिया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal