होली पर यात्रियों को राहत,भोपाल-रानी कमलापति से रीवा के लिए 5 स्पेशल ट्रेनें

होली त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल ने रीवा के लिए 5 होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। इनमें रानी कमलापति-रीवा के बीच दो जोड़ी और भोपाल-रीवा के बीच एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन शामिल है। ये ट्रेनें फरवरी के अंत से मार्च की शुरुआत तक चलाई जाएंगी। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के अनुसार, त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रियों को कन्फर्म सीट और सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके।

रानी कमलापति-रीवा के बीच स्पेशल ट्रेनें
रीवा से रानी कमलापति और वापसी के लिए साप्ताहिक और द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ये ट्रेनें 28 फरवरी, 2 और 3 मार्च को चलेंगी। ट्रेनों को सतना, मैहर, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, बीना और विदिशा स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है, जिससे मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

भोपाल-रीवा के लिए भी विशेष व्यवस्था
होली के मौके पर 5 मार्च को भोपाल से रीवा और रीवा से भोपाल के लिए भी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन सुबह भोपाल से रवाना होकर रात में रीवा पहुंचेगी, जबकि वापसी में रात को रीवा से चलकर अगले दिन सुबह भोपाल पहुंचेगी।

यात्रा से पहले टाइमिंग जरूर जांचें
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले NTES/139, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES मोबाइल ऐप से ट्रेन की समय-सारणी और ठहराव की जानकारी जरूर जांच लें। होली पर ट्रेनों की यह अतिरिक्त सुविधा खासतौर पर रीवा, विंध्य और भोपाल क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत भरी साबित होगी, जो त्योहार पर घर लौटने की तैयारी कर रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com