ओडिशा में एक पति पर अपनी ही पत्नी को जिंदा जलाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बेरहम पति ने अपनी पत्नी को बीच सड़क पर जिंदा जला दिया। जलाए जाने की घटना में 35 साल की महिला बुरी तरह झुलस गई हैं। यह घटना ओडिशा के गंजम जिले की है। पीड़ित महिला का नाम जी आरेम्मा बताया जा रहा है। जी आरेम्मा इस वारदात में 50 फीसदी तक जल गई है। बताया जा रहा है कि यह वारदात छतरपुर में साना आर्जयापल्ली के पास हुई है। महिला की हालत अभी नाजुक बताई जा रही है। 
महिला के पति जी. मुकुदू पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी के शरीर पर ज्वलनशील तरल पदार्थ डाल कर उसे जलाया। महिला पेशे से दैनिक मजदूर हैं और घटना के वक्त वो अपने काम पर जा रही थीं। पुलिस ने आशंका जताई है कि जी. मुकुदू महिला के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर उनका इंतजार पहले से कर रहा था। उसकी मंशा महिला की हत्या करने की थी। महिला के वहां पहुंचते ही उसने उन्हें आग के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था। विवाद की वजह से महिला उसी गांव में अपने पिता के साथ रह रही थीं। हालांकि, इस युवक ने महिला को आग के हवाले क्यों किया? अभी इसके बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन शुरुआती जांच के बाद कहा जा रहा है कि इस घटना के पीछे पारिवारिक कलह वजह हो सकती है। पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि इस कपल को तीन बच्चे भी हैं। महिला का इलाज बेरहमपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एंज हॉस्पिटल में चल रहा है। छतरपुर के सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी गौतम किशन ने कहा कि ‘महिला का बयान पहले दर्ज किया जा चुका है। अब हमारी प्राथमिकता है कि किसी तरह उनकी जिंदगी बच जाए। इसके बाद हम इस मामले की विस्तृत जांच करेंगे।’
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal