भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सदर विधायक व पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह सिरोही का दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया। भाजपा विधायक पिछले कई माह से कैंसर से पीड़ित थे और पिछले तीन माह से काफी बीमार चल रहे थे।

उनके निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम योगी ने कहा कि बुलंदशहर सदर से विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही के निधन की खबर सुनकर व्यथित हूं। उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि उनको अपने श्री चरणों मे स्थान दें और शोक संतप्त परिवारीजन को इस दारुण दुख को सहन करने का संबल प्रदान करें।
शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरेंद्र सिंह सिरोही एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। वह सदैव अपने क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर रहते थे। समाज के गरीब और कमजोर व्यक्तियों के उत्थान के लिए वह हमेशा प्रयत्नशील रहते थे। उनके निधन से जनता ने अपना एक सच्चा हितैषी और पार्टी ने एक सम्पर्पित नेता खो दिया है।
भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी बसपा के हाजी अलीम को हराया था। उस समय सिरोही भाजपा के मुख्य सचेतक विधान मंडल दल के नेता भी थे।
वह कल्याण सिंह सरकार में राजस्व मंत्री भी रहे। उनके निधन की सूचना मिलने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनके बेटे से फोन पर बातचीत की।
खुद सीएम योगी आदित्यनाथ उनको श्रद्धांजलि देने के लिए बुलंदशहर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि सुबह 10 बजे भाजरा विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही का पार्थिव शरीर दिल्ली से बुलंदशहर लाया जाएगा और फिर यहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal